बाराबंकी, 19 मई 2026:
पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने बाराबंकी के एक युवक को ऐसा झांसा दिया कि उसकी वर्षों की बचत कुछ ही मिनटों में खाते से गायब हो गई। नेट बैंकिंग चालू कराने के नाम पर ठगों ने मोबाइल में एक ऐप इंस्टॉल कराया और खाते से 5.49 लाख रुपये उड़ा लिए।
नगर कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मणपुरी स्थित परमेश्वर विहार कॉलोनी निवासी रवि प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक की इंदिरा मार्केट शाखा में नेट बैंकिंग सुविधा के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। अगले ही दिन उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक, दिल्ली कार्यालय का अधिकारी बताया।
फोन करने वाले ने कहा कि नेट बैंकिंग सक्रिय करने के लिए मोबाइल में एक लिंक डाउनलोड करना होगा। इसके बाद व्हाट्सएप पर लिंक भेजा गया और रवि प्रताप सिंह से एक ऐप इंस्टॉल करा लिया गया। ऐप डाउनलोड होते ही ठगों ने बातचीत के दौरान खाते से जुड़ी अहम जानकारी हासिल कर ली। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि 24 घंटे के भीतर नेट बैंकिंग चालू हो जाएगी।
सात अप्रैल की सुबह करीब साढ़े दस बजे उनके खाते से लगातार पांच ट्रांजैक्शन हुए। पहले छह हजार रुपये, फिर नौ हजार रुपये, उसके बाद नौ हजार रुपये, 25 हजार रुपये और आखिर में पांच लाख रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर खाते से रकम कटने के संदेश आए तो उन्हें ठगी का पता चला।
पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और रकम रिकवर करने की कोशिश की जा रही है। साइबर एक्सपर्ट का कहना है कि बैंक अधिकारी बनकर आने वाली किसी भी कॉल पर तुरंत भरोसा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने या ऐप डाउनलोड करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर कर लें।






