Lucknow City

इकाना में IPL का महासंग्राम… इस इलाके में ट्रैफिक लॉकडाउन! निकलने से पहले जान लें रूट प्लान

दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक डायवर्जन लागू, PBKS बनाम LSG मैच के चलते शहीद पथ पर भारी प्रतिबंध, ई-रिक्शा-ऑटो बैन, गलत पार्किंग पर होगी कार्रवाई, दर्शकों को पीक आवर से बचने की सलाह

लखनऊ, 23 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में आज शाम क्रिकेट का रोमांच चरम पर होगा। शहर के इकाना में आईपीएल 2026 के मुकाबले में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपरजायंट्स की टीमें भिड़ेंगी। इस मैच के मद्देनजर इकाना स्टेडियम, शहीद पथ और आसपास के इलाके की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है।

इस मैच को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक व्यापक डायवर्जन लागू कर दिया है। सबसे बड़ा असर शहीद पथ और सुल्तानपुर रोड पर देखने को मिलेगा जहां रोडवेज बसों, कमर्शियल वाहनों, ई-रिक्शा और ऑटो के संचालन पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं। हालांकि निजी कारों और टैक्सियों को सीमित व्यवस्था के साथ आने-जाने की अनुमति रहेगी।

प्रशासन ने साफ किया है कि जिन लोगों के पास वाहन पास होगा वे अहिमामऊ से एचसीएल होते हुए वाटर टैंक तिराहा और प्लासियो मॉल के जरिए निर्धारित पार्किंग तक पहुंचेंगे। बिना पास वाले वाहनों को भी इसी रूट से भेजा जाएगा लेकिन पार्किंग भरने पर उन्हें सड़क किनारे निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़ा करना होगा। दोपहिया वाहनों के लिए प्लासियो मॉल के पीछे अलग पार्किंग बनाई गई है।

IPL Match at Ekana Stadium Traffic Impact Today (1)

मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज और भारी व्यावसायिक वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। सिटी बसें चलेंगी लेकिन हुसेड़िया और सुशांत गोल्फ सिटी के बीच कहीं नहीं रुकेंगी। वहीं ई-रिक्शा और ऑटो को शहीद पथ और सर्विस रोड दोनों से बाहर रखा गया है। ओला, ऊबर और अन्य कैब सेवाओं के लिए भी सख्त नियम लागू किए गए हैं। एयरपोर्ट और अर्जुनगंज की ओर से आने वाली कैब्स को स्टेडियम से काफी पहले यात्रियों को उतारना होगा।

प्रशासन ने पीएचक्यू और यूपी-112 मुख्यालय के पीछे अस्थायी पिक एंड ड्रॉप जोन बनाया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि स्टेडियम या प्लासियो मॉल के सामने अवैध पार्किंग करने वालों के वाहनों पर क्लैम्प लगाने और टोइंग की कार्रवाई होगी। टिकट पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर दर्शक पार्किंग और रूट की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

सुरक्षा को लेकर भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। बिना टिकट या ड्यूटी कार्ड किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। सिक्के, ईयरफोन, ज्वलनशील पदार्थ समेत कई सामान प्रतिबंधित रहेंगे। मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले एंट्री मिलेगी, जबकि दूसरी पारी के मध्य के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। एक बार बाहर निकलने के बाद दोबारा स्टेडियम में एंट्री नहीं मिलेगी।

प्रशासन ने स्टेडियम के आसपास रहने वाले लोगों से कहा है कि वे शाम 6 बजे से 8 बजे के पीक आवर में इस इलाके से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें जिससे क्रिकेट का रोमांच ट्रैफिक जाम में न बदल जाए।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button