स्पोर्ट्स डेस्क, 24 मई 2026:
इकाना स्टेडियम में पंजाब किंग्स ने दमदार खेल दिखाते हुए लखनऊ सुपर जाएंट्स को सात विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ पंजाब ने प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार रखीं और अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई। दूसरी तरफ लखनऊ का सीजन हार के साथ खत्म हो गया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 20 रन तक अर्शिन कुलकर्णी और निकोलस पूरण के विकेट गंवा दिए। इसके बाद जोश इंग्लिस ने पारी संभाली और आयुष बडोनी के साथ तेजी से रन जोड़े। बडोनी ने सिर्फ 18 गेंदों में 43 रन ठोककर मैच का रुख बदलने की कोशिश की।
इंग्लिस ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ भी अहम साझेदारी की। पंत 26 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इंग्लिस अंत तक आक्रामक अंदाज में खेलते रहे। उन्होंने नौ चौके और दो छक्कों की मदद से 72 रन बनाए। आखिर में अब्दुल समद ने 37 रन की तेज पारी खेलकर लखनऊ को 20 ओवर में छह विकेट पर 196 रन तक पहुंचा दिया।

पंजाब की तरफ से मार्को यानसेन और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट लिए। अजमतुल्लाह ओमरजई और शशांक सिंह को एक-एक सफलता मिली।
197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत भी खराब रही। पहली ही गेंद पर प्रियांश आर्या बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और कूपर कोनोली ने पारी संभाली। कोनोली 18 रन बनाकर लौटे, लेकिन फिर श्रेयस अय्यर ने मैच पूरी तरह पंजाब की तरफ मोड़ दिया।
अय्यर और प्रभसिमरन के बीच तीसरे विकेट के लिए 140 रन की बड़ी साझेदारी हुई। प्रभसिमरन ने 39 गेंदों में 69 रन बनाए, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर अय्यर शुरुआत से आखिर तक लखनऊ के गेंदबाजों पर हावी रहे। श्रेयस अय्यर ने 51 गेंदों में नाबाद 101 रन की कप्तानी पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। सूर्यांश शेडगे ने अंत में उनका अच्छा साथ निभाया और पंजाब ने 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के बाद पंजाब के 14 मैचों में 15 अंक हो गए हैं और टीम का नेट रन रेट +0.309 पहुंच गया है। अब पंजाब की प्लेऑफ उम्मीदें राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के मुकाबले पर टिकी हैं। वहीं लखनऊ सुपर जाएंट्स सिर्फ चार जीत के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे रही।






