स्पोर्ट्स डेस्क, 19 मई 2026:
आईपीएल 2026 खत्म होते ही टीम इंडिया अब अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज में उतरने जा रही है। इसके लिए बीसीसीआई ने मंगलवार को भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। चयनकर्ताओं ने इस बार कई बड़े फैसले लेकर साफ संकेत दे दिए हैं कि आने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और बड़े टूर्नामेंटों को ध्यान में रखकर नई रणनीति तैयार की जा रही है।
सबसे बड़ा बदलाव टेस्ट टीम की उपकप्तानी में देखने को मिला है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत से यह जिम्मेदारी लेकर केएल राहुल को नया उपकप्तान बनाया गया है। इतना ही नहीं पंत को वनडे टीम में जगह तक नहीं मिली। दूसरी ओर शुभमन गिल को टेस्ट और वनडे दोनों टीमों की कमान सौंपी गई है, जबकि वनडे में श्रेयस अय्यर उपकप्तान होंगे।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को दोनों सीरीज से आराम दिया गया है। लगातार इंटरनेशनल क्रिकेट और आईपीएल खेलने के बाद चयनकर्ताओं ने उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। वहीं अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लेकर एक बार फिर निराशा हाथ लगी। मार्च 2025 के बाद से इंटरनेशनल क्रिकेट से बाहर चल रहे शमी पर चयन बैठक में कोई चर्चा तक नहीं हुई।
इस बार टीम में युवाओं पर बड़ा भरोसा जताया गया है। मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और प्रिंस यादव को पहली बार भारतीय टीम में मौका मिला है। गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को टेस्ट और वनडे दोनों टीमों में शामिल किया गया है, जबकि मानव सुथार सिर्फ टेस्ट और प्रिंस यादव वनडे स्क्वॉड में जगह बनाने में सफल रहे।

विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की वनडे टीम में वापसी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। टी20 इंटरनेशनल में दमदार वापसी के बाद उन्हें फिर से वनडे सेटअप में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि उन्होंने अपना आखिरी वनडे मैच 2023 विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ ही खेला था।
भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से खेला जाएगा जबकि तीन मैचों की वनडे सीरीज 14 जून से शुरू होगी। अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के इस मिश्रण के साथ टीम इंडिया कैसा प्रदर्शन करती है।

टेस्ट टीम के खिलाड़ी
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पड्डीकल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्ण, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल।
वनडे टीम में शामिल खिलाड़ी
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्ण, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे।






