Uttar Pradesh

UP मदरसा बोर्ड का रिजल्ट घोषित : 88.26% छात्र-छात्राएं पास, बेटियों ने लहराया परचम

मुंशी-मौलवी और आलिम परीक्षा में 55 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं सफल, छात्राओं ने हर स्तर पर छात्रों को पछाड़ा; सीसीटीवी निगरानी में हुई पारदर्शी परीक्षा

लखनऊ, 23 मई 2026:

यूपी मदरसा शिक्षा परिषद की मुंशी-मौलवी (सेकेंडरी) और आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा-2026 का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया गया। इस वर्ष मदरसा बोर्ड परीक्षा का परिणाम 88.26 प्रतिशत रहा। 55,788 छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए। खास बात यह रही कि इस बार भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्रों को पीछे छोड़ दिया।

मदरसा बोर्ड परीक्षा में 80,933 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 63,211 परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इन कैमरों की निगरानी सीधे मदरसा बोर्ड मुख्यालय से की गई। योगी सरकार की सख्ती का असर यह रहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुई।

सेकेंडरी यानी मुंशी-मौलवी परीक्षा में कुल 62,232 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 47,036 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें 41,426 सफल रहे। इस परीक्षा का कुल परिणाम 88.07 प्रतिशत दर्ज किया गया। यहां भी छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। 21,407 छात्राएं 91.46 प्रतिशत सफलता दर के साथ पास हुईं, जबकि 20,019 छात्र 84.72 प्रतिशत सफलता दर के साथ सफल घोषित किए गए।

वहीं सीनियर सेकेंडरी यानी आलिम परीक्षा में कुल 18,701 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 16,175 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 14,362 छात्र-छात्राएं सफल हुए। आलिम परीक्षा का कुल परिणाम 88.79 प्रतिशत रहा। इस स्तर पर भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया। 7,822 छात्राएं 90.88 प्रतिशत सफलता दर के साथ उत्तीर्ण हुईं, जबकि 6,540 छात्र 86.42 प्रतिशत सफलता दर के साथ पास हुए।

अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने परिणाम घोषित करते हुए कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी की सोच एक हाथ में कुरान और दूसरे हाथ में कंप्यूटर के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज के युवाओं को नई दिशा और आत्मविश्वास देने की है। छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट madarsaboard.upsdc.gov.in⁠ पर देख सकते हैं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button