
लखनऊ, 28 जुलाई 2026:
यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक लंबे पोस्ट में राजभर ने सपा की चुनावी रणनीति, उसके सामाजिक समीकरण और 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर कई तीखे तंज कसे।
मंत्री राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि उनकी लड़ाई एनडीए से नहीं, बल्कि अब ‘अपने लोगों’ से है। उन्होंने दावा किया कि सपा का पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समीकरण कमजोर पड़ चुका है और अब पार्टी के सामने एमवाई (मुस्लिम-यादव) गठजोड़ को बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का ‘पंजा’ अब सपा के मुस्लिम वोट बैंक की ओर बढ़ रहा है जबकि एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी उसी वोट बैंक में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। राजभर ने कहा कि यही वजह है कि सपा की राजनीतिक जमीन लगातार खिसक रही है।
पोस्ट में उन्होंने समाजवादी पार्टी पर कानून-व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। राजभर ने कहा कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में ‘जंगलराज’ का माहौल रहता है। थाने और तहसीलें पार्टी कार्यालय की तरह काम करती हैं। अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण मिलता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि गैर-यादव पिछड़े, बहुजन और मुस्लिम समाज का एक वर्ग भी अब सपा से दूरी बनाने लगा है।
राजभर ने अखिलेश यादव को ‘मित्र’ बताते हुए सलाह दी कि वे जमीनी हकीकत को समझें और अपने सहयोगियों से सावधान रहें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मौजूदा हालात में 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के मुख्य विपक्षी दल बने रहने पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।






