एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 26 मई 2026:
मोहनलालगंज ब्लॉक के निगोहा क्षेत्र स्थित रामपुर गढ़ी गांव में महीनों से बंद पड़े सरकारी नलकूप को दुरुस्त करने का काम मंगलवार से शुरू हो गया। धान की रोपाई के मौसम में सिंचाई ठप होने से किसान लगातार परेशानी झेल रहे थे। खेत सूखने लगे थे और फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया था। विभाग जली मोटर को बदलेगा वहीं नया पंप हाउस भी बनाएगा। इसके लिए जेसीबी ने आज पुराने भवन को जमींदोज कर दिया।
बता दें कि ग्रामीणों की समस्या को लेकर ‘द हो हल्ला’ ने रविवार को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। मामला सामने आने के बाद प्रशासन और सिंचाई विभाग सक्रिय हुआ। अधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार को सचिव विद्यासागर की निगरानी में मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।
सबसे पहले नलकूप के जर्जर पंप हाउस को जेसीबी से गिराया गया, ताकि नए सिरे से निर्माण कराया जा सके। इसके बाद विभागीय टीम मशीनों की जांच और तकनीकी काम में जुट गई। मौके पर जरूरी उपकरण भी पहुंचाए गए।
नलकूप की मरम्मत शुरू होते ही किसानों में राहत दिखाई दी। इस नलकूप से रामपुर गढ़ी के साथ जमुनी, उदयपुर, डिघारी और ब्रह्मदासपुर गांव के किसानों को उठानी पड़ रही थी। किसान 200 रुपये प्रतिघंटा किराए पर पानी लेने को मजबूर थे। ग्रामीणों का कहना है कि धान की नर्सरी तैयार करने का समय चल रहा है। पानी न मिलने से सैकड़ों बीघा खेत प्रभावित हो रहे थे। अब नलकूप चालू होने की उम्मीद से किसानों ने राहत की सांस ली है।
ग्रामीणों ने बताया कि खबर प्रकाशित होने के बाद ही विभाग ने तेजी दिखाई। किसानों का कहना है कि लंबे समय से बंद पड़े नलकूप की वजह से हर सीजन में दिक्कत होती थी। सचिव विद्यासागर ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर जली हुई मोटर हटाकर नई मोटर लगा दी जाएगी, जिससे किसानों को सिंचाई में परेशानी न हो। इसके बाद नलकूप भवन का निर्माण भी कराया जाएगा।






