सशस्त्र सेना झंडा दिवस : योगी को लगाया फ्लैग पिन…स्मारिका का विमोचन
सीएम ने सैन्य अफसरों को बधाई दी व वीर सैनिकों के साहस और समर्पण को नमन किया, उनके कल्याण के संकल्प को दोहराया
लखनऊ, 7 दिसंबर 2025:
सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर शनिवार को राजधानी लखनऊ में सैन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान सीएम योगी को फ्लैग पिन लगाया गया और एक स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

सीएम योगी ने इस मौके पर भारतीय सेना के पराक्रमी जवानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें अपने वीर सैनिकों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सदैव कृतज्ञ रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सैनिक अपने अदम्य साहस और पराक्रम से देश की एकता, अखंडता और सीमाओं की रक्षा के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर देते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि हम सभी सैनिकों के कल्याण हेतु सहभागी बनने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि ‘सशस्त्र सेना झंडा दिवस’ का अवसर देश के वीर जवानों और उनके परिजनों को सम्मान और शुभकामनाएं देने का पुनीत अवसर है।






