National

आखिर ‘काला हिरण’ से क्यों घबराए भाईजान…जानिए क्या है पूरा मामला

सलमान खान की लीगल टीम ने फिल्म के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर को भेजा नोटिस, सोशल मीडिया पर शुरू होने लगीं चर्चाएं

न्यूज डेस्क, 2 जून 2026:

सलमान खान से जुड़ा काला हिरण के शिकार का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है लेकिन इस बार वजह कोई कोर्ट सुनवाई नहीं बल्कि एक फिल्म है। अब इस मामले पर फिल्म ‘काला हिरण’ बनाई जा रही है। फिल्म के मेकर्स ने हाल ही में फिल्म का पोस्टर भी रिलीज किया था। जिस पर सलमान खान की लीगल टीम ने फिल्म के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर को लीगल नोटिस भेजा है जिसमें फिल्म का निर्माण और प्रमोशन तुरंत रोकने की मांग की है।

प्रभावित हो सकती है न्यायिक प्रक्रिया

अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि अगर यह फिल्म सिर्फ एक कहानी है तो फिर सलमान को इतना डर क्यों? आखिर पोस्टर सामने आते ही सलमान की टीम को तुरंत लीगल नोटिस भेजने की जरूरत क्यों पड़ी? बताया जा रहा है कि सलमान खान की ओर से भेजे गए नोटिस में दावा किया गया है कि फिल्म की कहानी 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित बताई जा रही है। नोटिस में आरोप है कि ये फिल्म सलमान की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है और राजस्थान हाई कोर्ट में चल रही न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है।

लॉरेंस बिश्नोई से तनाव फिर सुर्खियों में

दरअसल यह मामला सिर्फ एक फिल्म तक सीमित नहीं है। इसके पीछे वो विवाद भी जुड़ा है जिसने पिछले कुछ सालों में सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच तनाव को सुर्खियों में ला दिया। बिश्नोई समाज में काले हिरण को धार्मिक आस्था से जोड़कर देखा जाता है और यही वजह है कि यह मामला आज भी भावनात्मक और सामाजिक बहस का हिस्सा बना हुआ है। फिल्म के पोस्टर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की आजादी बता रहे हैं तो कुछ का कहना है कि किसी लंबित मामले पर फिल्म बनाना न्याय प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।

कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को दी सख्त हिदायत

सलमान खान की डीएसके लीगल टीम ने कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को एक कानूनी नोटिस भेजा है। इसमें अपकमिंग फिल्म ‘काला हिरण’ के निर्माण और उसके प्रचार पर तुरंत रोक लगाने की मांग की गई है। नोटिस के अनुसार, सलमान खान की लीगल टीम को पता चला कि अक्षय पांडे कथित तौर पर एक्टर्स से संपर्क कर रहे थे। वो यह दावा कर रहे थे कि यह कहानी सलमान खान से जुड़े काले हिरण मामले से प्रेरित है। नोटिस में कहा गया है कि सलमान खान ने अपने नाम, व्यक्तित्व या उनसे कथित तौर पर जुड़े किसी भी घटनाक्रम के इस्तेमाल के लिए स्वीकृति नहीं दी है।

WhatsApp Image 2026-06-02 at 1.26.00 PM

नोटिस में फिल्म से जुड़ी सभी गतिविधियां 24 घंटे के भीतर रोकने और बिना शर्त लिखित माफी मांगने की चेतावनी दी गई है और पालन नहीं होने इस संबंध में कार्रवाई की बात कही गई है। अब सवाल यह है कि क्या ‘काला हिरण’ सिर्फ एक फिल्म है या फिर एक ऐसा सिनेमाई दांव जो बॉलीवुड के सबसे चर्चित विवाद को फिर से जिंदा करने वाला है?

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button