Entertainment

क्राइम थ्रिलर में करिश्मा कपूर का दमदार कमबैक, ‘ब्राउन’ में दिखा अब तक का सबसे अलग अवतार

मर्डर मिस्ट्री, सस्पेंस और रहस्यों की परतों के बीच पुलिस अफसर रीटा ब्राउन बनीं करिश्मा, कोलकाता की अंधेरी गलियों में उलझी दोहरी हत्या की गुत्थी

एंटरटेनमेंट डेस्क, 7 जून 2026:

लंबे समय बाद अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने ओटीटी की दुनिया में ऐसा किरदार निभाया है जो उनके अब तक के स्क्रीन इमेज से बिल्कुल अलग है। वेब सीरीज ब्राउन स्ट्रीम हो चुकी है। ये अपनी मर्डर मिस्ट्री, सस्पेंस तथा थ्रिलर से भरपूर कहानी के कारण चर्चा में है। सीरीज में करिश्मा कपूर पुलिस अफसर रीटा ब्राउन के किरदार में नजर आती हैं जो एक हाई-प्रोफाइल हत्या की जांच में जुटी हैं।

कहानी की शुरुआत दुर्गा पूजा के दौरान हुई एक सनसनीखेज हत्या से होती है। अहाना जायसवाल नाम की युवती की मौत पूरे शहर में हलचल मचा देती है। मामला एक प्रभावशाली परिवार से जुड़ा होने के कारण पुलिस पर दबाव बढ़ जाता है।मीडिया की नजरें भी इस केस पर टिकती हैं। ऐसे में जांच की जिम्मेदारी रीटा ब्राउन को सौंपी जाती है। उसकी पहचान एक सक्षम लेकिन विवादों में घिरी पुलिस अधिकारी के रूप में है।

Karisma Kapoor Returns With Crime Thriller 'Brown' (1)

जांच के दौरान रीटा का साथ अर्जुन सिन्हा के किरदार में अभिनेता सूर्या शर्मा देते हैं। जैसे-जैसे पूछताछ आगे बढ़ती है वैसे-वैसे परिवार के रिश्तों में छिपे तनाव, रहस्य और झूठ सामने आने लगते हैं। हर नए खुलासे के साथ संदेह का दायरा बढ़ता जाता है। मामला तब और पेचीदा हो जाता है जब पहली हत्या से मिलती-जुलती एक और वारदात सामने आती है। इसके बाद कहानी कई अप्रत्याशित मोड़ लेती और दर्शकों को आखिर तक बांधे रखती है।

सीरीज की सबसे बड़ी ताकत करिश्मा कपूर का अभिनय माना जा रहा है। रीटा ब्राउन का किरदार सिर्फ एक मजबूत पुलिस अफसर तक सीमित नहीं है। वह गुस्सा करती है। भावनात्मक रूप से टूटती भी है और कई बार गलत फैसले भी लेती है। यही मानवीय कमजोरियां उसके किरदार को अधिक वास्तविक बनाती हैं। सूर्या शर्मा ने भी अपने किरदार के साथ न्याय किया है और दोनों कलाकारों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री प्रभाव छोड़ती है।

Karisma Kapoor Returns With Crime Thriller 'Brown' (2)

सीरीज में जीशु सेनगुप्ता का रोल छोटा है लेकिन वह अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में सफल रहते हैं। वहीं सोनी राजदान और हेलेन सीमित स्क्रीन टाइम में भी ध्यान आकर्षित करती हैं। निर्देशक अभिनय देव ने कोलकाता के माहौल को कहानी का अहम हिस्सा बनाया है। बारिश से भीगी सड़कें, अंधेरी गलियां और रहस्यमयी वातावरण थ्रिलर के रोमांच को बढ़ाते हैं।

हालांकि कई समीक्षकों का मानना है कि कहानी और पटकथा पर थोड़ा और काम किया जाता तो सीरीज और प्रभावशाली बन सकती थी। इसके बावजूद ‘ब्राउन’ करिश्मा कपूर के दमदार कमबैक और एक रोचक क्राइम थ्रिलर के रूप में दर्शकों का ध्यान खींचने में सफल नजर आती है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button