बहराइच : सरयू नदी में नाव पलटने से तीन युवकों की मौत… दो लखनऊ से आए थे दसवां संस्कार में

बहराइच, 18 सितंबर 2025:
यूपी के बहराइच जिले में सरयू नदी में नाव पलटने से तीन युवकों की डूबकर मौत हो गई। तीनों रिश्तेदार थे। यह हादसा कैसरगंज क्षेत्र के निम्दीपुर मजरा ठाकुरपुरवा गांव के पास बुधवार रात हुआ।
जानकारी के मुताबिक गांव निवासी अजय (28) की पत्नी का पिछले दिनों निधन हो गया था। बुधवार को उसका दसवां संस्कार था। इसमें शामिल होने उसके रिश्तेदार राजाजीपुरम, लखनऊ निवासी गोपी निषाद (19) व अंकुश निषाद (16) भी आए थे। बुधवार रात भोजन के बाद तीनों नाव की सैर पर नदी की ओर निकल गए।
देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर नदी में गोपी का शव मिला। कुछ दूरी पर नाव और पतवार बरामद हुए। इसके बाद पुलिस और गोताखोरों की मदद से तलाश तेज की गई और फिर अजय व अंकुश के शव भी नदी किनारे झाड़ियों में फंसे मिले।
तीनों की मौत से परिवार और गांव में कोहराम मच गया। एसडीएम अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नाव और शव बरामद कर लिए हैं। आगे की कार्रवाई जारी है।






