विजय पटेल
रायबरेली, 15 मई 2026:
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार गृह जनपद रायबरेली पहुंचे मनोज पाण्डेय का कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। शहर के कई स्थानों पर फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया गया। पार्टी कार्यालय पहुंचने पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
इसके बाद मनोज पाण्डेय पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। मीडिया से बातचीत में मनोज पाण्डेय ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राजकुमार भाटी के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

अखिलेश यादव के पंडित से पूछकर पैर निकालने वाले बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को आत्मचिंतन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नेताओं की इसी तरह की बयानबाजी पार्टी को रसातल में ले जा रही है। कैबिनेट मंत्री ने दो दिन पहले आई दैवीय आपदा से प्रभावित 32 परिवारों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और जरूरतमंदों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।






