Entertainment

Cannes : रेड कार्पेट पर ‘राधा रानी’ बन छाईं सान्या ठाकुर… भारतीय संस्कृति का दिखा अलौकिक रंग

सनातन संस्कृति से प्रेरित लुक में अभिनेत्री ने दुनियाभर का ध्यान खींचा, भारी कढ़ाई वाले पारंपरिक लहंगे, फूलों से सजी चोटी और हाथ में बांसुरी के साथ सान्या ठाकुर ने कान्स 2026 में बनाई अलग पहचान, अपनी नई फिल्म सेव द गॉड का पोस्टर भी किया लॉन्च

एंटरटेनमेंट डेस्क, 23 मई 2026:

सान्या ठाकुर ने Cannes फिल्म फेस्टिवल 2026 के रेड कार्पेट पर अपने अनोखे अंदाज से सबका ध्यान खींच लिया। जहां आमतौर पर कान्स का मंच ग्लैमरस फैशन और वेस्टर्न स्टाइल के लिए जाना जाता है, वहीं अभिनेत्री ने भारतीय संस्कृति और भक्ति को अपने लुक का हिस्सा बनाकर अलग पहचान बनाई।

सुपर 30 और स्पाई जैसी फिल्मों में नजर आ चुकीं सान्या ठाकुर इस बार राधा रानी से प्रेरित पारंपरिक अवतार में दिखाई दीं। उन्होंने भारी कढ़ाई वाला लहंगा पहना था, जिसमें मिरर वर्क, फूलों की डिजाइन और भारतीय हस्तशिल्प की झलक साफ दिख रही थी। उनका पूरा लुक भारतीय परंपरा की खूबसूरती को सामने ला रहा था।

सान्या के इस अंदाज की सबसे ज्यादा चर्चा उनकी स्टाइलिंग को लेकर हुई। अभिनेत्री ने लंबी चोटी को ताजे फूलों और छोटी सजावटी लाइट्स से सजाया था। माथा पट्टी, नथ, चूड़ियां और पारंपरिक गहनों ने उनके लुक को और खास बना दिया। हाथ में बांसुरी लेकर उन्होंने राधा रानी की छवि को मंच पर जीवंत कर दिया।

अपने इस लुक को लेकर सान्या ठाकुर ने कहा कि उनके लिए यह सिर्फ फैशन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, प्रेम, शांति और सकारात्मकता को दुनिया तक पहुंचाने का जरिया है। उनके मुताबिक सनातन परंपरा लोगों को जोड़ने की ताकत रखती है और कान्स जैसा अंतरराष्ट्रीय मंच इस संदेश को पहुंचाने का बेहतर माध्यम है।

सोशल मीडिया पर भी सान्या ठाकुर का यह अंदाज तेजी से वायरल हो रहा है। फैन्स और फैशन पेज उनके लुक की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे कान्स 2026 के सबसे अलग भारतीय प्रस्तुतियों में से एक बताया। फेस्टिवल के दौरान सान्या ठाकुर ने भारत पवेलियन में अपनी आने वाली फिल्म सेव द गॉड का पोस्टर भी लॉन्च किया। इसी के साथ उनका यह कान्स सफर फैशन के साथ सिनेमा और भारतीय संस्कृति की मौजूदगी को लेकर भी चर्चा में आ गया।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button