‘ताल 2’ पर शो मैन सुभाष घई का बड़ा खुलासा… स्क्रिप्ट लगभग तैयार, नई कास्ट की तलाश शुरू
कई साल से उठ रही सीक्वल की मांग अब तेज, मेकर्स सही वक्त और सही चेहरे की तलाश में डायरेक्टर बोले किरदारों में नई ताजगी जरूरी, स्टारडम नहीं बल्कि नैचुरल फील चाहिए
एंटरटेनमेंट डेस्क, 27 अप्रैल 2026:
1999 में आई फिल्म ताल आज भी अपने म्यूजिक और कहानी की वजह से याद की जाती है। अब इसके सीक्वल को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। डायरेक्टर सुभाष घई ने साफ किया है कि ताल 2 पर काम चल रहा है और इसकी स्क्रिप्ट लगभग तैयार हो चुकी है।
हाल ही में एक बातचीत में उन्होंने बताया कि पिछले कई सालों से लोग उनसे लगातार ताल के दूसरे पार्ट की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अब नई पीढ़ी भी इस फिल्म को दोबारा देखने और इसका सीक्वल बनाने की बात कर रही है। उन्होंने माना कि फिल्म की कहानी जितनी आसान लगती है, उसे उसी असर के साथ दोबारा बनाना उतना ही मुश्किल काम है।
सुभाष घई के मुताबिक, स्क्रिप्ट लगभग फाइनल स्टेज पर है और टीम इस पर आगे बढ़ने को लेकर सोच रही है। उनका मानना है कि इस फिल्म की असली ताकत उसकी सादगी और भावनात्मक जुड़ाव था, जिसे बरकरार रखना सबसे जरूरी है।
कास्टिंग को लेकर उन्होंने साफ कहा कि यही सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने बताया कि उनकी कुछ फिल्में सिर्फ गलत कास्टिंग की वजह से नहीं चल पाईं। ताल के पहले पार्ट में उस वक्त नए चेहरे होने की वजह से एक अलग तरह की सच्चाई स्क्रीन पर दिखी थी।
जब उनसे नए कलाकारों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि फिल्म में ऐसे चेहरे चाहिए जो बिल्कुल नए और असली लगें। भले ही कुछ कलाकार अब चर्चित हो चुके हों, लेकिन किरदारों में फ्रेशनेस होना ज्यादा जरूरी है। बता दें कि ‘ताल’ मूवी में उस दौर में उभर रहे कलाकारों ने काम किया था और फिल्म का म्यूजिक भी बड़ी वजह बना था इसकी सफलता की। अब देखना होगा कि ताल 2 उसी जादू को दोहरा पाती है या नहीं।






