Business

शेयर बाजार में हरियाली…हरे निशान पर खुला सेंसेक्स-निफ्टी, रुपया फिर दबाव में

हफ्ते की शुरुआत में शेयर बाजार ने पकड़ी रफ्तार, शुरुआती कारोबार में बढ़त, डॉलर की मांग बढ़ने से रुपये में गिरावट, विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी

बिजनेस डेस्क, 27 अप्रैल 2026:

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 546 अंक चढ़कर 77,210 के करीब पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी करीब 170 अंकों की तेजी के साथ 24,067 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं, रुपये पर दबाव बना रहा। डॉलर की लगातार मांग के चलते रुपया 11 पैसे टूटकर 94.27 के स्तर पर पहुंच गया।

पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार को बाजार में भारी गिरावट देखी गई थी। सेंसेक्स 982 अंक लुढ़ककर 76,681 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी भी 275 अंक गिरकर 23,897 पर आ गया था। सेंसेक्स की कंपनियों में सन फार्मा के शेयरों में 4 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज हुई। कंपनी ने अमेरिकी फर्म ऑर्गानोन एंड कंपनी के अधिग्रहण का ऐलान किया है। इसके अलावा अदानी पोर्ट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील और महिंद्रा एंड महिंद्रा में भी खरीदारी दिखी।

दूसरी ओर एक्सिस बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर दबाव में रहे।एशियाई बाजारों में सोमवार को मिला-जुला माहौल रहा। जापान का निक्केई सूचकांक नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा, जबकि हांगकांग में गिरावट दर्ज हुई। दक्षिण कोरिया और ताइवान के बाजारों में अच्छी तेजी देखने को मिली।

वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी है। ब्रेंट क्रूड 106 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। ईरान से जुड़े तनाव और वैश्विक अनिश्चितता का असर कीमतों पर दिख रहा है। विदेशी निवेशक लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। शुक्रवार को एफआईआई ने करीब 8,827 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 4,700 करोड़ रुपये का निवेश किया। इस हफ्ते वैश्विक बाजार की नजर बड़े केंद्रीय बैंकों के फैसलों पर रहेगी, जिनमें अमेरिका, यूरोप, जापान और इंग्लैंड शामिल हैं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button