
विजय पटेल
रायबरेली, 7 जुलाई 2026ः
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार को रायबरेली पहुंचे। उन्होंने सलोन क्षेत्र स्थित पूरे कुशल गांव में मृतक मेवालाल पासी के परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर मोदी और योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इस मामले को साधारण चोरी नहीं बल्कि ‘डकैती’ बताते हुए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग की।
सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अयोध्या में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है और यदि चढ़ावे में अनियमितता या भ्रष्टाचार हुआ है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कहा कि राज्य सरकार की एसआईटी जांच पर उन्हें भरोसा नहीं है। क्योंकि एसआईटी सरकार के अधीन काम करती है। उन्होंने मांग की कि सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज या मुख्य न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई जांच कराई जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
आसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ‘राम के नाम पर वोट भी लिए गए, नोट भी लिए गए और अब लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।’ उन्होंने कहा कि अगर निष्पक्ष जांच हुई तो यह सामने आएगा कि मामला कितना बड़ा है और समय आने पर जनता की आस्था से खिलवाड़ करने वालों से एक-एक पैसे का हिसाब लिया जाएगा।
चंद्रशेखर आजाद ने सलोन क्षेत्र स्थित पूरे कुशल (खम्हरिया पुरवा) गांव में मृतक मेवालाल पासी के परिजनों से मुलाकात की। पिछले सप्ताह संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप था कि गांव के प्रधान के भाई ने मारपीट कर उसकी हत्या करवा दी। परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा था। भाजपा पर निशाना साधते हुए सांसद का कहना था कि उनके दौरे की घोषणा के बाद ही सत्ता पक्ष के नेता सक्रिय हुए और आनन-फानन में पीड़ित परिवारों को सहायता देने व मुकदमे वापस लेने की बातें करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक होने की वजह से गरीब परिवारों की सुध ली जा रही है।

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सांसद ने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन के लिए तैयार है और भाजपा को छोड़कर वैचारिक रूप से अन्य दलों के साथ बातचीत के रास्ते खुले हैं। इस दौरान उन्होंने कई चुनावी वादों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आरक्षी और मुख्य आरक्षी को गृह जनपद में तैनाती, आठ घंटे की ड्यूटी और साप्ताहिक अवकाश दिया जाएगा। पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी, कक्षा एक से 12 तक की शिक्षा निशुल्क होगी, ग्रामीण क्षेत्रों में उद्योग स्थापित कर रोजगार बढ़ाया जाएगा और उत्तर प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू की जाएगी।






