
देहरादून, 7 जुलाई 2026:
मुख्यमंत्री Vatsalya Yojana के तहत लाभ पाने वाले बच्चों के लिए राज्य सरकार ने अप्रैल, मई और जून 2026 की सहायता राशि जारी कर दी है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीबीटी के जरिए 4 करोड़ 39 लाख रुपये से ज्यादा की रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की।
रेखा आर्या ने बताया कि यह योजना वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान अपने माता-पिता या अभिभावकों को खो चुके बच्चों के लिए शुरू की गई थी। योजना के तहत हर पात्र बच्चे को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है, जिससे उसकी पढ़ाई समेत दूसरी जरूरी जरूरतें पूरी हो सकें।
उन्होंने कहा कि मार्च 2026 तक की सहायता राशि पहले ही जारी की जा चुकी थी। अब अप्रैल, मई और जून 2026 की तीनों किस्तें भी लाभार्थियों के खातों में भेज दी गई हैं।

विभाग के मुताबिक अप्रैल महीने के लिए 4,917 लाभार्थियों को 1 करोड़ 47 लाख 51 हजार रुपये, मई में 4,879 बच्चों को 1 करोड़ 46 लाख 37 हजार रुपये, जबकि जून महीने में 4,848 लाभार्थियों को 1 करोड़ 45 लाख 4 हजार रुपये डीबीटी के जरिए उपलब्ध कराए गए।
मंत्री ने कहा कि सरकार ऐसे बच्चों का भविष्य सुरक्षित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। योजना का लाभ 21 वर्ष की उम्र पूरी होने तक दिया जाता है। वहीं किसी बालिका के विवाह होने या किसी लाभार्थी के रोजगार मिलने के बाद उसका नाम योजना से हटा दिया जाता है। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बंशीलाल राणा, मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






