
विजय पटेल
रायबरेली, 29 जून 2026ः
यूपी के रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में बाबूगंज के नेवादा बाईपास पर आयोजित जन सम्मान समारोह में कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडे का भव्य स्वागत हुआ। उनके पहुंचने पर जेसीबी से पुष्पवर्षा की गई। इससे पूरा परिसर फूलों से पट गया। वहीं, आयोजकों ने उन्हें लड्डुओं से तौलकर सम्मानित किया।
मनोज कुमार पांडे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जाति छोटी होती है, जमात बड़ी होती है। उन्होंने कहा कि आज विभिन्न समाजों का जो यह बड़ा सम्मेलन देखने को मिल रहा है, वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के सुशासन और विकास कार्यों का परिणाम है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे जनता के बीच दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान सरकारी नौकरियों की भर्ती में पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ अन्याय हुआ था, जबकि वर्तमान सरकार सभी वर्गों को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।






