गोरखपुर, 27 जून 2026:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की शून्य से शिखर तक की यात्रा सत्ता हासिल करने की नहीं, बल्कि मूल्यों, आदर्शों, सुरक्षा, सुशासन, समृद्धि और विकास की यात्रा है। उन्होंने कहा कि 1985 में दो लोकसभा सीटों वाली पार्टी आज केंद्र समेत देश के 21 राज्यों में सरकार चला रही है और दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में लोकतांत्रिक मूल्यों की पहचान बन चुकी है।
मुख्यमंत्री गोरखपुर के गुलरिहा स्थित एक रिजॉर्ट में भाजपा महानगर इकाई की तरफ से आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दल से पहले देश और व्यक्ति से पहले समाज की भावना के साथ लगातार काम करने का आह्वान किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके संस्थापकों के विचार, संस्कार और आदर्श हैं। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र करते हुए कहा कि मूल्यों और आदर्शों के बिना राजनीति समाज के लिए नुकसानदायक साबित होती है। यही वजह है कि भाजपा के लिए सिद्धांत हमेशा सबसे ऊपर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद देश की सुरक्षा नीति में बड़ा बदलाव आया है। अब भारत दुश्मन को उसी की भाषा में जवाब देने की क्षमता रखता है। एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक इसका उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर में आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है, पूर्वोत्तर में उग्रवाद काफी हद तक खत्म हो चुका है, जबकि नक्सलवाद भी अब सीमित इलाकों तक सिमट गया है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित माहौल बनने के कारण देश में हाईवे, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, इनलैंड वाटरवे, रोपवे और लॉजिस्टिक नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है। मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर किसी भी देश की तरक्की की सबसे बड़ी जरूरत होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को जमीन पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, हर घर जल, मुफ्त राशन, पीएम स्वनिधि, पीएम विश्वकर्मा, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप, स्टैंडअप जैसी योजनाओं का फायदा मिला है। सरकार की योजनाओं से 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकलकर विकास की मुख्यधारा से जुड़े हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार ने कई ऐसे काम पूरे किए जिन्हें पहले केवल सपना माना जाता था। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, विंध्य धाम का विकास और दिव्य-भव्य कुंभ इसका उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि आज देश अपनी विरासत पर गर्व कर रहा है। मुख्यमंत्री ने भारतीय जनसंघ की स्थापना, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन और आपातकाल के दौरान भाजपा नेताओं के संघर्ष का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि एक देश में दो प्रधान और दो निशान के खिलाफ शुरू हुआ आंदोलन आखिरकार अनुच्छेद 370 हटने के साथ अपने लक्ष्य तक पहुंचा। विकास के लिए राजनीतिक स्थिरता जरूरी होती है। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा ने स्थिर सरकार देकर देश को नई दिशा दी। आज उसी विचारधारा की बदौलत भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।

मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में जब कई लोग घरों में रहे, तब भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर लोगों की मदद कर रहे थे। यही व्यक्ति से पहले समाज की भावना का सबसे बड़ा उदाहरण है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने की जबकि आभार नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने जताया। इस मौके पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, रमेश सिंह, त्र्यम्बक नाथ त्रिपाठी, विनोद पांडेय, अच्युतानंद शाही, पुष्पदंत जैन समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और प्रशिक्षण वर्ग के प्रतिभागी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगी विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और गोरखपुर की बदलती तस्वीर दिखाई दी।






