Gorakhpur

Gorakhpur News : ड्यूटी छोड़कर सपा के मंचों पर सक्रिय, निलंबन के बाद भी नहीं लौटा सिपाही

लाल टोपी और गमछे में चुनावी तैयारी, धनघटा सीट से सपा के टिकट की दावेदारी की चर्चा, पुलिस विभाग ने कई नोटिस भेजे लेकिन हाजिरी नहीं लगाई

गोरखपुर, 2 अक्टूबर 2026:

यूपी के गोरखपुर में डायल 112 में तैनात रहे सिपाही श्याम सुंदर चौहान की राजनीतिक सक्रियता चर्चा में है। लंबे समय से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे श्याम सुंदर अब संतकबीर नगर की धनघटा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी करते नजर आ रहे हैं। सपा के कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी, लाल टोपी में तस्वीरें और मंच से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील से जुड़ी पोस्ट सामने आई हैं।

करीब तीन महीने पहले हुआ निलंबन

पुलिस के मुताबिक श्याम सुंदर लंबे समय से ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे। अधिकारियों को इसकी जानकारी मिलने के बाद करीब तीन महीने पहले उन्हें निलंबित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस लाइन में हाजिर होकर गैरहाजिरी का जवाब देने के लिए कहा गया, लेकिन वह अब तक हाजिर नहीं हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनसे लगातार संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

1994 बैच के सिपाही, 2023 में गोरखपुर आया

श्याम सुंदर चौहान 1994 बैच के सिपाही बताए जा रहे हैं। मूल रूप से संतकबीर नगर के महुली थाना क्षेत्र के नैना झाला गांव के रहने वाले श्याम सुंदर की वर्ष 2023 में कुशीनगर से तबादले के बाद गोरखपुर डायल 112 में तैनाती हुई थी। इसी दौरान धनघटा क्षेत्र में उनकी राजनीतिक सक्रियता बढ़ने लगी। वर्ष 2023 से सोशल मीडिया पर धनघटा विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी उनकी राजनीतिक पोस्ट भी सामने आने लगीं।

ये भी पढ़ें:

सपा कार्यक्रमों में मंच से कर चुके हैं संबोधन

श्याम सुंदर की सोशल मीडिया गतिविधियों में समाजवादी पार्टी के कार्यक्रमों से जुड़ी तस्वीरें और पोस्ट सामने आई हैं। करीब एक महीने पहले धनघटा क्षेत्र में सपा की बूथ, जोन व सेक्टर स्तर की समीक्षा बैठक हुई थी। इसमें उन्होंने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के साथ अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील भी की थी।

पुलिस में रहकर न्याय न दिला पाने की कही थी बात

रिपोर्टों के मुताबिक श्याम सुंदर ने राजनीति में आने की वजह बताते हुए कहा था कि पुलिस विभाग में रहते हुए वह लोगों को न्याय नहीं दिला पा रहे थे। उनका कहना था कि राजनीति में आने के बाद दबे-कुचले लोगों के लिए काम करना चाहते हैं। सपा के समर्थन में उनके सोशल मीडिया पोस्ट भी सामने आते रहे हैं।

निलंबन के बाद भी नहीं लगा रहे हाजिरी

गोरखपुर के एसपी क्राइम अयोध्या सिंह के मुताबिक श्याम सुंदर काफी समय से निलंबित हैं। वह पुलिस लाइन में हाजिरी नहीं लगा रहे हैं। विभाग की ओर से उन्हें कई बार नोटिस भेजा जा चुका है। उनसे गैरहाजिर रहने की वजह पूछी जा रही है, लेकिन अभी तक उन्होंने नौकरी पर नहीं आने का कोई कारण नहीं बताया है। उच्च अधिकारियों के निर्देश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  गोरक्षपीठ के भक्त मारकंडेय यादव को सीएम योगी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link