Uttar Pradesh

काशी में CM योगी : बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के दरबार में टेका माथा

काल भैरव मंदिर के आसपास के दुकानदारों और बच्चों से किया आत्मीय संवाद, श्रद्धालुओं के बीच गूंजा हर-हर महादेव

वाराणसी, 4 अप्रैल 2026:

गोरक्षपीठाधीश्वर एवं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री ने सबसे पहले काशी के कोतवाल के नाम से माने जाने वाले बाबा काल भैरव के मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में भाग लिया।

बाबा काल भैरव के दरबार में माथा टेकने के बाद सीएम योगी ने मंदिर परिसर से निकलते समय आसपास के दुकानदारों और स्थानीय बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने सभी का कुशलक्षेम जाना और बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री का सहज और मिलनसार व्यवहार देखकर स्थानीय लोग काफी प्रसन्न नजर आए। लोगों ने अपने सीएम का अभिवादन करते हुए उन्हें प्रणाम किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और उन्होंने गर्भगृह में प्रवेश कर बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार पूजन-अभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के कल्याण और लोक मंगल की कामना की। पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया। उनके दर्शन से उत्साहित श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया।

CM Yogi in Kashi Worships at Kashi Vishwanath (1)

मुख्यमंत्री के इस आध्यात्मिक दौरे के दौरान उनके साथ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, अनिल राजभर, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, राज्य मंत्री संदीप सिंह के साथ विधायक नीलकंठ तिवारी, सुशील सिंह और अवधेश सिंह आदि मौजूद रहे।

मालूम हो कि सीएम योगी शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे थे। इस दौरान उनका कार्यक्रम धार्मिक, सामाजिक और प्रशासनिक गतिविधियों से जुड़ा रहा। शनिवार सुबह का दौरा खास तौर पर आध्यात्मिक आस्था और जनसंपर्क का संगम बनकर सामने आया। इसने एक बार फिर मुख्यमंत्री की जनसरोकार वाली छवि को मजबूत किया।

READ MORE

ये भी पढ़ें  लखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा : सड़क के लिए खोदी खाई में दबकर बच्चे की मौत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button