Lucknow CityUttar Pradesh

खेलने वाला ही खिलता है… CM योगी की ‘पाती’, खिलाड़ियों और अभिभावकों को बड़ा संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो, आगे बढ़ो और यूपी का नाम रोशन करो, राष्ट्रीय एथलेटिक्स में यूपी की ऐतिहासिक जीत का किया जिक्र, बोले- हर गांव में खेल मैदान, हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज और एक्सीलेंस सेंटर होंगे तैयार

लखनऊ, 6 जुलाई 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर ‘योगी की पाती’ के माध्यम से प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए खेलों को लेकर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल विकास के क्षेत्र में ही नहीं बल्कि खेल जगत में भी नई पहचान बना रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों, युवाओं और अभिभावकों से खेल संस्कृति को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि खेलने वाला ही खिलता है।

मुख्यमंत्री ने अपनी चिट्ठी में हाल ही में 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की पुरुष टीम द्वारा पहली बार 20 पदक जीतकर चैंपियन बनने को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। इसके साथ ही जापान में आयोजित पुरुष अंडर-18 हॉकी एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम में प्रदेश के पांच खिलाड़ियों की मौजूदगी को भी गर्व का विषय बताया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान क्रिकेटर दीप्ति शर्मा, पैरालंपिक हाई जंप खिलाड़ी प्रवीण कुमार, भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी, दृष्टिबाधित धाविका सिमरन शर्मा और शतरंज ग्रैंडमास्टर वंतिका अग्रवाल जैसे खिलाड़ियों से भी बन रही है। उन्होंने कहा कि चैंपियन एक दिन में नहीं बनते बल्कि उनके पीछे वर्षों की मेहनत, बेहतर प्रशिक्षण और मजबूत खेल व्यवस्था होती है।
cm-yogi-ki-pati-big-message-players-parents-up-sports-policy-infrastructure (2)

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के कौशल विकास, आधुनिक प्रशिक्षण और खेल सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम कर रही है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देकर उनके भविष्य को सुरक्षित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और सभी जिलों में आधुनिक स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय तैयार है। हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे।

योगी आदित्यनाथ ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की खेल प्रतिभा को कभी न दबाएं। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं अपितु युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने की सबसे मजबूत ढाल भी है। खेल स्वास्थ्य, अनुशासन, संघर्ष, समर्पण, सकारात्मकता और टीम भावना का पाठ पढ़ाता है।

उन्होंने युवाओं से खेल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज खेल करियर और सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बन चुका है। यही खेल भावना विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की मजबूत नींव रखेगी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button