किसानों के आगे झुका प्रशासन, सड़क निर्माण की बात मानी, 22 दिनों से चल रहा आंदोलन खत्म
कुबहरा में अधूरी सड़क के निर्माण की मांग को लेकर चल रहा था धरना, पीडब्ल्यूडी घेराव के ऐलान से मचा हड़कंप, किसान प्रतिनिधिमंडल व अधिकारियों के बीच बातचीत में बनी सहमति

एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 9 सितंबर 2026ः
यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज के कुबहरा में कमलापुर बिचलिखा माइनर से कुबहरा तक अधूरी सड़क के निर्माण की मांग को लेकर 22 दिनों से धरने पर बैठे किसानों का आंदोलन बुधवार को समाप्त हो गया। पीडब्ल्यूडी घेराव के ऐलान के बाद किसान प्रतिनिधिमंडल और अधिकारियों के बीच बातचीत हुई। इसमें किसानों की सड़क निर्माण की मांग को मान लिया गया। अपनी मांग पूरी होने पर किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के नेतृत्व में चल रहे इस धरने में किसानों ने 9 सितंबर को लोक निर्माण विभाग के घेराव की चेतावनी दी थी। घेराव के ऐलान से प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में नगराम पुलिस को धरना स्थल पर भेजा गया और जिला मुख्यालय पर किसान प्रतिनिधिमंडल, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग और डीएम विशाख जी के बीच बातचीत हुई।
बातचीत में प्रशासन ने सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति जताई। इसके बाद एसडीएम मोहनलालगंज आकाश सिंह धरना स्थल कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र पहुंचे और किसानों को आश्वस्त किया कि गुरुवार से सड़क के गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क का डामरीकरण कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद धरना स्थल पर किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।

किसानों ने इसे संघर्ष की जीत बताया। किसानों का कहना था कि लंबे समय से बदहाल पड़े इस मार्ग के कारण बारिश के दिनों में ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और किसानों को आवागमन में भारी परेशानी होती थी। यह जीत सिर्फ एक सड़क की नहीं, बल्कि एकजुटता और लोकतांत्रिक तरीके से मांग उठाने की जीत है। इस मौके पर एसडीएम आकाश सिंह, वन विभाग, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, एसीपी आरके सिंह सहित किसान मौजूद रहे।






