ProjectsUttar Pradesh

Adventure Tourism Hub बनेगा गोरखगिरि, CM योगी ने महोबा को दी 697 करोड़ की विकास सौगात

88 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, जल संरक्षण, डिफेंस कॉरिडोर और बुंदेलखंड के औद्योगिक विकास पर जोर, कहा- दूषित मन और मलिन आत्मा वालों ने बुंदेलखंड को किया था बदनाम

महोबा, 21 जून 2026:

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यूपी के महोबा पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनपद को 697 करोड़ रुपये की 88 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मोदी ग्राम में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान महोबा के विकास पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, प्रमाण-पत्र और चेक वितरित किए गए।
cm-yogi-mahoba-visit-gorakhgiri-adventure-tourism-hub-projects

मुख्यमंत्री ने योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समन्वय का माध्यम है। स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मस्तिष्क, स्वस्थ बुद्धि और स्वस्थ आत्मा का निर्माण होता है जो लोककल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने बिना किसी दल का नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अवैध कब्जे और नकारात्मक सोच रखने वाले लोगों की मानसिकता ही प्रदेश के पिछड़ेपन का कारण रही है।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। इस वर्ष 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे प्रदेश में भव्य रूप से मनाया गया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की 57 हजार ग्राम पंचायतों, 825 विकास खंडों, 350 तहसीलों, 75 जिलों और 762 नगर निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित हुए।
cm-yogi-mahoba-visit-gorakhgiri-adventure-tourism-hub-projects

सीएम योगी ने महोबा की आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और वीर परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें वर्षों बाद गोरखगिरि पर्वत पर जाकर बाबा गोरखनाथ की साधना स्थली के दर्शन करने का अवसर मिला। उन्होंने घोषणा की कि गोरखगिरि में रोपवे बनाया जाएगा और इसे एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही महोबा महोत्सव से पहले पर्वतारोहण प्रतियोगिताएं, होटल-रेस्तरां और आल्हा-उदल की वीर परंपरा से जुड़े अखाड़ों के विकास की भी योजना बनाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महोबा ऊर्जा, वीरता और जल संरक्षण की भूमि है। चंदेल शासकों द्वारा बनाए गए तालाब आज भी जल संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने लोगों से जल की एक-एक बूंद बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि महोबा के प्रसिद्ध दशावरी पान को सरकार ने जीआई टैग दिलाकर वैश्विक पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित अर्जुन सहायक परियोजना को उनकी सरकार ने मिशन मोड में पूरा कराया। इससे महोबा और बांदा के हजारों हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिली। उन्होंने बताया कि केन-बेतवा लिंक परियोजना, रतौली, बावनी और कचनौदा बांध सहित कई सिंचाई योजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड अब माफिया नहीं बल्कि विकास, एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर और औद्योगिक निवेश के लिए पहचाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण और रक्षा उद्योग के विस्तार से महोबा, झांसी, हमीरपुर और चित्रकूट नए औद्योगिक केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, युवाओं और गरीबों के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। बुंदेलखंड का विकास अब कोई नहीं रोक सकता। कार्यक्रम में श्रम राज्यमंत्री मनोहर लाल ‘मन्नू कोरी’, विधायक राकेश गोस्वामी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button