Sports

‘अभी मैं रुका नहीं हूं’… 41 की उम्र में रोनाल्डो की दहाड़, बनाया विश्व रिकॉर्ड

रोनाल्डो छह वर्ल्ड कप में गोल दागने वाले पहले फुटबॉलर बने, फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराकर टूर्नामेंट में दर्ज की अपनी जीत

स्पोर्ट्स डेस्क, 24 जून 2026:

जब दुनिया की नजरें फीफा वर्ल्ड कप पर टिकी थीं तब 41 साल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनके लिए उम्र सिर्फ एक नंबर है। उज्बेकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरे पुर्तगाल के इस सुपरस्टार ने दो शानदार गोल दागकर ऐसा कीर्तिमान रच दिया जिसे तोड़ना लगभग असंभव माना जा रहा है। रोनाल्डो दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए जिन्होंने छह अलग-अलग विश्व कप में गोल करने का कारनामा किया है।
cristiano-ronaldo-fifa-world-cup-2026-record-portugal-vs-uzbekistan

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अब तक फीफा वर्ल्ड कप में कुल 10 गोल किए हैं। उन्होंने 2006 से लेकर 2026 के विश्व कप तक कुल छह अलग-अलग वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में गोल किए हैं जो कि फुटबॉल इतिहास में एक बहुत बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड हैं। वर्ल्ड कप में उन्होंने 2006 (जर्मनी) में 1 गोल, 2010 (दक्षिण अफ्रीका) में 1 गोल, 2014 (ब्राजील) में 1 गोल, 2018 (रूस) में 4 गोल , 2022 (कतर) में 1 गोल और 2026 में 2 गोल किए हैं। इस बार का फीफा वर्ल्ड कप उत्तरी अमेरिका महाद्वीप के तीन देशों अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में संयुक्त रूप से खेला जा रहा है।
cristiano-ronaldo-fifa-world-cup-2026-record-portugal-vs-uzbekistan

41 साल की उम्र में जब ज्यादातर खिलाड़ी अपने करियर की हाइलाइट्स देखते हैं तब रोनाल्डो अपने करियर की नयी हेडलाइंस लिख रहे हैं। फीफा वर्ल्ड कप के मंच पर उज्बेकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में रोनाल्डो ने फिर साबित कर दिया कि वह क्यों फुटबॉल के सबसे बड़े नामों में गिने जाते हैं।

मैच का सिर्फ छठा मिनट चल रहा था कांसेलो का शानदार क्रॉस बॉक्स में पहुंचा और रोनाल्डो ने अपने दाहिने पैर से गेंद को सीधे गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। मैच के 39वें मिनट में उन्होंने एक और गोल दाग दिया और आलोचकों को करारा जवाब दिया जो पिछले मैच के बाद उनकी उम्र और फॉर्म पर सवाल उठा रहे थे।

रोनाल्डो ने दिखा दिया कि शेर चाहे जितना उम्रदराज हो जाए लेकिन शिकार करना नहीं भूलता। पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी जीत दर्ज की। नूनो मेंडिस ने गोल किया, राफेल लियाओ ने भी स्कोर किया। इसके अलावा उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी अब्दुखोदिर खुसानोव ने गलती से अपनी ही टीम के पोस्ट में एक गोल कर दिया था।

मुकाबले में दो गोल दागने के साथ ही रोनाल्डो ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह वर्ल्ड कप के इतिहास में एक मैच में दो या उससे अधिक गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

बता दें कि इसी फीफा विश्व कप के दौरान अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ मैच में दो गोल किए थे। उस दिन मेसी की उम्र 38 वर्ष और 363 दिन थी। इसके साथ ही वे विश्व कप इतिहास में एक मैच में 2 गोल करने वाले दुनिया के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए थे। अब ये रिकॉर्ड रोनाल्डो के नाम है।

इतना ही नहीं रोनाल्डो विश्व कप में गोल करने वाले दुनिया के दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए हैं। इस सूची में पहले स्थान पर कैमरून के रोजर मिल्ला का नाम दर्ज है जिन्होंने 42 वर्ष और 39 दिन की उम्र में गोल किया था। वहीं रोनाल्डो ने 41 वर्ष और 138 दिन की उम्र में यह कारनामा कर फुटबॉल जगत को एक बार फिर अपना मुरीद बना लिया।

2006 से 2026 तक का सफर, छह वर्ल्ड कप, अनगिनत रिकॉर्ड और आज भी वही जुनून, वही भूख और वही जज्बा और दुनिया के लिए रोनाल्डो का संदेश बिल्कुल साफ है, ‘आई एम नॉट डन येट’ यानी अभी मैं रुका नहीं हूं। क्रिस्टियानो रोनाल्डो सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं हैं, वह एक दौर हैं, एक जुनून हैं और फुटबॉल की वह कहानी हैं जिसका सबसे शानदार अध्याय शायद अभी लिखा जाना बाकी है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button