Uttar Pradesh

वाराणसी पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद, कहा… यूपी में गो माता को कोई खरोंच नहीं पहुंचा सकता

सर्किट हाउस में मीडिया से रूबरू हुए केशव प्रसाद मौर्य, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की संकल्प यात्रा पर बोले, संतों के प्रति सम्मान जताया

वाराणसी, 6 मार्च 2026:

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने अफसरों के साथ बैठक की और मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गो माता की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोई भी गो माता को नुकसान नहीं पहुंचा सकता।

वाराणसी के सर्किट हाउस में सर्किट हाउस, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि डबल इंजन सरकार की सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।

इससे पूर्व पत्रकारों से बातचीत के दौरान मौर्य ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की संकल्प यात्रा से जुड़े सवालों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह संतों के चरणों में सदा प्रणाम करते हैं और संत समाज के प्रति उनका पूरा सम्मान है। गो माता भारतीय समाज और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। करोड़ों लोग आस्था के साथ उनकी पूजा करते हैं। प्रदेश सरकार गोवंश की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है और इस विषय में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

WhatsApp Image 2026-03-06 at 6.29.21 PM

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हिन्दू होने से जुड़े सवाल पर मौर्य ने कहा कि ऐसे मुद्दों को राजनीतिक विवाद का रूप नहीं दिया जाना चाहिए। समाज को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक माहौल जरूरी है।
ईरान और इजराइल के बीच चल रहे तनाव को लेकर विपक्ष के सवालों पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत और सुरक्षित है। देश की विदेश नीति स्पष्ट है और भारत वैश्विक स्तर पर मजबूती से अपनी बात रख रहा है।

बिहार की राजनीति पर पूछे गए सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नीतीश कुमार का फैसला एक बड़ा राजनीतिक निर्णय है। बिहार में आगे कौन मुख्यमंत्री बनेगा, यह संबंधित पार्टी तय करेगी।उन्होंने कहा कि राजनीतिक निर्णयों का असर समाज पर पड़ता है, इसलिए सभी को सोच समझकर फैसले लेने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button