Uttarakhand

धामी का सरकारी नौकरियों का तोहफा… 483 युवाओं को सौंपा नियुक्ति पत्र

सीएम ने कहा साढ़े चार साल में 33 हजार युवाओं को सरकारी सेवा में मौका मिला, सख्त नकल विरोधी कानून के बाद भर्ती प्रक्रिया मेरिट आधारित हुई

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 22 मई 2026:

उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों को लेकर शुक्रवार को नियुक्ति कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में सिंचाई और कृषि विभाग में चयनित 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें सिंचाई विभाग के 473 जबकि कृषि विभाग के 10 पद शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री और मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को याद करते हुए कहा कि उनका सपना ऐसा उत्तराखंड बनाना था, जहां युवाओं की पहचान उनकी मेहनत और काबिलियत से हो। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत, सब्र और भरोसे की पहचान हैं।

धामी ने कहा कि राज्य में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर लगातार काम हुआ है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद अब चयन प्रक्रिया में मेरिट को प्राथमिकता मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में करीब 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों से पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा सिर्फ रोजगार नहीं, बल्कि जनता के भरोसे से जुड़ी जिम्मेदारी भी है।

सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि नई नियुक्तियां प्रदेश के विकास कार्यों को गति देंगी। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद योग्य अभ्यर्थियों को निष्पक्ष तरीके से अवसर मिल रहे हैं।

कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ, महंत दलीप सिंह रावत, प्रमुख सचिव मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सुरेंद्र नारायण पांडे, युगल किशोर पंत मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button