Lucknow City

बैंकॉक से उड़कर आया करोड़ों का नशा… एयरपोर्ट पर 14.87 करोड़ की हाइड्रोपोनिक वीड जब्त

फ्लाइट से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे तीन तस्कर गिरफ्तार, वैक्यूम पैक पाउच में छिपाकर लाई जा रही थी हाई-प्रोफाइल ड्रग्स की खेप

लखनऊ, 10 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (अमौसी) इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) और एयर कस्टम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से लाई जा रही करीब 14.87 करोड़ रुपये कीमत की हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद की है। इस मामले में तीन अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक अधिकारियों को पहले से सूचना मिली थी कि बैंकॉक से आने वाली एयर एशिया की फ्लाइट के जरिए बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ लखनऊ लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई और टीम रात करीब 10:35 बजे पहुंची फ्लाइट पर नजर बनाए रही।

फ्लाइट से उतरे तीन यात्री संदिग्ध पाए गए। उन्हें ग्रीन चैनल पर रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान उनके चेक-इन बैगेज से पारदर्शी वैक्यूम-पैक पाउच बरामद हुए। इनमें हरे रंग के फूल और फलनुमा पदार्थ भरे थे जिन्हें प्राथमिक जांच में हाइड्रोपोनिक वीड पाया गया।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-05-10 at 12.32.17 PM

Advertisement

अधिकारियों के अनुसार पहले यात्री के पास से 2.957 किलो, दूसरे के पास से 3.425 किलो और तीसरे यात्री के पास से 8.490 किलो हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई। कुल 14.87 किलो गांजा जब्त किया गया। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 14.87 करोड़ रुपये आंकी गई है।

जांच एजेंसियों का कहना है कि बरामद ड्रग्स को वैक्यूम पैक कर बैग में रखा गया था जिससे उसकी गंध बाहर न निकल सके और स्कैनिंग में आसानी से पकड़ में न आए। तस्कर अक्सर खेप को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर अलग-अलग यात्रियों के जरिए भेजते हैं जिससे किसी एक के पकड़े जाने पर पूरी सप्लाई जब्त न हो।

बताते हैं कि हाइड्रोपोनिक वीड सामान्य गांजे से कई गुना ज्यादा खतरनाक और महंगी मानी जाती है। इसे मिट्टी के बजाय पानी और विशेष केमिकल पोषक तत्वों की मदद से नियंत्रित वातावरण में तैयार किया जाता है। इसमें नशे वाला तत्व सामान्य गांजे की तुलना में काफी अधिक होता है।

यही वजह है कि बड़े शहरों और हाई-प्रोफाइल ड्रग नेटवर्क में इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है। कस्टम विभाग ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

आखिर क्या है हाइड्रोपोनिक वीड

-मिट्टी के बजाय पानी और केमिकल पोषक तत्वों से तैयार की जाती है
-सामान्य गांजे से कई गुना ज्यादा नशीली और महंगी
-थाईलैंड, कनाडा और अमेरिका में होती नियंत्रित खेती
-वैक्यूम पैकिंग से गंध छिपाकर की जाती है तस्करी
-बड़े शहरों और हाई-प्रोफाइल ड्रग सर्किट में बढ़ी मांग

READ MORE 

ये भी पढ़ें  आस्था से संवरा पर्यावरण...बागपत का पुरा महादेव बना जीरो वेस्ट तीर्थ पर्यटन का मॉडल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link