
लखनऊ, 29 सितंबर 2026:
यूपी कैडर की पूर्व IAS अफसर दिव्या मित्तल ने आखिरकार अपने अगले कदम से पर्दा उठा दिया है। पिछले महीने अचानक सरकारी सेवा से इस्तीफा देकर सुर्खियों में आईं दिव्या मित्तल अब राजनीति में उतरेंगी। मंगलवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का ऐलान किया। हालांकि, उन्होंने अभी यह स्पष्ट नहीं किया कि किस राजनीतिक दल के साथ अपनी नई पारी शुरू करेंगी।
दिव्या मित्तल ने कहा कि पिछले कुछ समय से लोगों के मन में उनके इस्तीफे और आगे के कदम को लेकर कई सवाल थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने अब तक इन सवालों का जवाब इसलिए नहीं दिया क्योंकि उनके लिए काम बड़ा था और वह अपने अगले कदम के लिए हौसला जुटा रही थीं। अब उन्होंने आगे क्या करेंगी, किसके साथ करेंगी और कहां से करेंगी? इन सभी सवालों का जवाब देने का फैसला किया है।

बोलीं- ‘आगे राजनीति करूंगी’
अपने वीडियो में दिव्या मित्तल ने साफ शब्दों में कहा कि वह आगे राजनीति करेंगी। उन्होंने इसके पीछे की वजह भी बताई। दिव्या के मुताबिक लोगों ने उनसे कहा कि वह सब कुछ बन चुकी हैं और अब उन्हें आगे क्या बनना है। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वह उन लोगों की आवाज बनना चाहती हैं जिनकी आवाज किसी दफ्तर तक नहीं पहुंच पाती और अगर पहुंच भी जाती है तो सुनी नहीं जाती।
इसी क्रम में उन्होंने कहा कि उन्हें अपने देश की आजादी के 80 सालों का हिसाब लेना है। उनके इस बयान को आगामी यूपी विधानसभा चुनाव से पहले उनकी राजनीतिक सक्रियता के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
‘किसी से डरने वाली नहीं’
वीडियो में दिव्या मित्तल नेताओं को लेकर भी आक्रामक नजर आईं। उन्होंने राजनीति को लेकर सवाल उठाए और यह भी कहा कि वह किसी से डरने वाली नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने अभी अपने राजनीतिक मंच या संभावित दल का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।
कुछ दिन पहले IAS से त्यागपत्र दिया था और आपके मन में कई सवाल छोड़ दिए थे। अपनी बात इस वीडियो में कह दी है। अगर आपको लगे कि ये आपकी भी बात है, तो 9198956957 पर whatsapp मैसेज करिए। pic.twitter.com/mtS6gzBzRw
— Divya Mittal (@divyamittal_IAS) September 29, 2026
किस दल से होगी, इसका खुलासा अभी बाकी
IAS से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी से उनकी मुलाकात को लेकर भी चर्चाएं हुई थीं। फिलहाल दिव्या मित्तल ने अपने वीडियो में इस बारे में स्पष्टीकरण नहीं दिया। हालांकि, उनके राजनीतिक सफर की औपचारिक शुरुआत किस दल से होगी, इसका खुलासा अभी बाकी है।
दिव्या मित्तल संतकबीरनगर, मिर्जापुर और देवरिया की जिलाधिकारी रह चुकी हैं। कुछ महीने पहले उन्हें देवरिया DM के पद से हटाकर राजस्व परिषद में सचिव बनाया गया था। इसके बाद उन्होंने पिछले महीने IAS सेवा से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के पीछे फील्ड में रहकर काम करने की इच्छा को प्रमुख कारण माना गया था। अब उन्होंने राजनीति में आने का ऐलान कर अपनी अगली पारी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है।






