ज्वैलरी शॉप से भी ज्यादा सोना पहनकर चलते हैं गोल्डन बाबा

महाकुंभ नगर, 20 जनवरी 2025:
महाकुंभ में साधना के अनूठे अंदाज तो दिखते ही हैं तमाम साधु संत अपनी वेशभूषा को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं। इसी में एक नाम है गोल्डन बाबा का। उनके शरीर पर सोने के इतने आभूषण हैं जितने रखने की हिम्मत छोटे जेवरों के कारोबारी नहीं भी जुटा पाते हैं।
शरीर पर सजे हैं चार किलो सोने के आभूषण
निरंजनी अखाड़े से जुड़े इन बाबा का नाम एस के नारायण गिरी महाराज है। उनकी उम्र 67 साल और वो केरल के रहने वाले हैं दिल्ली में भी उनका घर है। वो महाकुंभ में आए हैं। बाबा अपने शरीर पर तकरीबन 4 किलोग्राम वजन के अलग अलग सोने के आभूषण पहन कर चलते हैं। इसकी कीमत लगभग छह करोड़ होती है। इन जेवरों में सोने की अंगूठी कंगन, घड़ी, छड़ी, मालाएं तो शामिल ही हैं इसके अलावा उनका मोबाइल और चश्मे का फ्रेम भी गोल्डन कलर का है। सोने की छड़ी में अलग-अलग देवी देवताओं के कई बड़े लॉकेट लगे हैं।
धर्म-शिक्षा के तालमेल का दे रहे संदेश
बाबा कहते हैं कि हर आभूषण साधना से जुड़ा हुआ है। मुझे लोग गोल्डन बाबा कहते हैं इससे मुझे कोई परहेज नहीं है, बाबा जहां भी जाते हैं उनको देखने वालों की भीड़ लग जाती है। एस के नरायण गिरी ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविन्द्र पुरी से दीक्षा ली। निरंजनी अखाड़े से जुड़ने के बाद वो धर्म व शिक्षा को साथ लेकर चलने का संदेश समाज को दे रहे हैं।






