लखनऊ, 26 मई 2026:
यूपी की राजधानी के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को लखनऊ के विकास का बड़ा मंच सजा। महापौर सुषमा खर्कवाल के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ नगर निगम की 413 करोड़ रुपये लागत वाली 432 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें सड़क, नाला, स्ट्रीट लाइट, पार्क, लाइब्रेरी, वेंडिंग जोन, जलनिकासी और सुंदरीकरण से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी योजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विकास योजनाएं गिनाने के साथ विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के गड्ढे भरने और उनके छोड़े हुए कूड़ेदान साफ करने का काम हमारी सरकार ने किया है। यह पैसा किसी नेता का नहीं, जनता का है और इसका सही उपयोग होना चाहिए।
सीएम योगी ने राजधानी की बदलती तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि आज लखनऊ देश के सबसे साफ और सुंदर शहरों में गिना जा रहा है। उन्होंने नागरिकों को भी जिम्मेदारी का एहसास कराया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि ढाई करोड़ की कार से आने वाले लोग 45 रुपये का गमला चोरी कर लेते हैं। इससे ज्यादा का तेल लग जाता है।

मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में गरीबों के लिए आवास तक स्वीकृत नहीं हुए। वर्तमान सरकार ने प्रदेश में 17 लाख शहरी और 65 लाख ग्रामीण परिवारों को मकान उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि सरकार ने कभी जाति और धर्म देखकर योजनाओं का लाभ नहीं दिया।
ऊर्जा संकट और महंगाई पर भी मुख्यमंत्री ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन संकट पैदा हुआ है। इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है। हालांकि उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हालात को नियंत्रित करने में जुटी है।
सीएम ने जनता से बिजली बचाने की अपील करते हुए कहा कि जरूरत भर ही स्ट्रीट लाइट और घरेलू बिजली का उपयोग किया जाए। उन्होंने बताया कि 2017 में प्रदेश में जहां 5 से 6 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन होता था, वहीं आज यह बढ़कर 32 से 33 हजार मेगावाट तक पहुंच चुका है। सपा सरकार पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि आज ओ लोग सवाल उठा रहे हैं जिनके कार्यकाल में बिजली के तार पर लोग कपड़ा सुखाते रहे। रात और दिन के हिसाब से लाइट आती थी।
कार्यक्रम में लखनऊ के प्रभारी एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने महापौर सुषमा खर्कवाल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि लखनऊ को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने एक स्मारिका का विमोचन भी किया। इसमें महापौर के कार्यकाल के काम गिनाए गए हैं।
वहीं नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने वन डे गवर्नेंस सेंटर की घोषणा करते हुए कहा कि अब नामांतरण समेत कई नागरिक सेवाएं आधे घंटे में उपलब्ध कराने की तैयारी है। कार्यक्रम में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यसभा सांसद बृजलाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






