झांसी में भीषण सड़क हादसा : मां-बेटी समेत तीन की मौत, पांच घायल, सीएम योगी ने जताया शोक

झांसी, 12 जून 2025:
झांसी में कानपुर हाईवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पूंछ क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ, जब एक एसयूवी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

मृतकों की पहचान उबैदुरु रहमान की पत्नी आशमा (40), बेटी उसना परवीन (15) और ड्राइवर आमिर (45) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में उबैदुरु रहमान (43), उनके दो बेटे अबदुल्ला बहादुर रहमान (10) और अनीदुरु रहमान (8), बेटी ईश्य (6), और पिता शाहबुद्दीन (70) घायल हुए हैं। सभी घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
परिवार महाराष्ट्र के मोबरा में रहता है। बकरीद के अवसर पर सिद्धार्थनगर स्थित अपने गांव आया था। लौटते समय देर रात गाड़ी की रफ्तार अधिक होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। ड्राइवर आमिर कार में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे जेसीबी की मदद से निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।






