लखनऊ/महोबा, 4 फरवरी 2026:
यूपी की सियासत में उस समय हलचल मच गई जब महोबा जनपद के चरखारी क्षेत्र से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत के तीखे तेवर एक बार फिर सामने आए। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को पिछले दिनों महोबा दौरे के दौरान काफिले समेत रोकने के मामले के बाद अब विधायक के बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में विधायक यह कहते नजर आ रहे हैं कि जरूरत पड़ी तो वह मुख्यमंत्री को भी रोक सकते हैं और किसी को बंधक बनाना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है।
एक कार्यक्रम के दौरान दिए गए उनके भाषण के दो वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। हालांकि ‘दि हो हल्ला’ इन वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में विधायक बृजभूषण राजपूत यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि उन्होंने कोई व्यक्तिगत मांग नहीं रखी है बल्कि जनता और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि वे अपनी बात सड़क पर रख रहे हैं तो इसमें किसी को आपत्ति क्यों हो रही है।

विधायक ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही उन्होंने मंत्री को रोका और यह कदम किसी ठेके, पट्टे या पदोन्नति के लिए नहीं बल्कि क्षेत्र की समस्याओं को सामने लाने के लिए उठाया गया है। उन्होंने सवाल किया कि यदि उन्होंने सड़क पर अपनी बात रखी तो कुछ लोगों को इससे परेशानी क्यों हो रही है।
अपने राजनीतिक अतीत का जिक्र करते हुए बृजभूषण राजपूत ने कहा कि जब वह विधायक नहीं थे और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तब झांसी के तत्कालीन केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन के घर जाकर उन्हें बंधक बनाया था। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा का सदस्य बनने के बाद वह पार्टी के अनुशासन में रहते हैं।
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। विपक्ष इसे भाजपा के अंदरूनी असंतोष का संकेत बता रहा है जबकि सत्ताधारी दल के लिए यह बयान असहज स्थिति पैदा करता नजर आ रहा है।






