Sports

IND vs NZ: तीसरे टी20 में भारत ने हासिल की एकतरफा जीत, अभिषेक शर्मा इस मामले में बने देश के दूसरे बल्लेबाज

भारत ने तीसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को सिर्फ 10 ओवर में हराकर 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव की तूफानी बल्लेबाजी ने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया

खेल डेस्क, 26 जनवरी 2026:

भारत ने न्यूजीलैंड को तीसरे टी20 मैच में सिर्फ 10 ओवर शेष रहते आठ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। यह मुकाबला रविवार को गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 153 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 10 ओवर में 155 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड अर्धशतक

भारतीय टीम की जीत के सबसे बड़े नायक अभिषेक शर्मा रहे। उन्होंने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर शुरू से ही दबाव बना दिया और सिर्फ 14 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही वह युवराज सिंह के बाद भारत के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ यह संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज अर्धशतक भी रहा। अभिषेक ने कॉलिन मुनरो के 2016 के रिकॉर्ड की बराबरी की।

WhatsApp Image 2026-01-26 at 11.06.30 AM

सैमसन फिर फ्लॉप, किशन ने दिखाया दम

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन लगातार तीसरे मैच में नाकाम रहे और पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। सीरीज में वह अब तक सिर्फ 16 रन बना सके हैं, जो टी20 विश्व कप से पहले चिंता बढ़ाने वाला है। इसके बाद ईशान किशन मैदान पर उतरे और आते ही बड़े शॉट्स लगाए। उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े और 28 रन की तेज पारी खेली, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे।

पावरप्ले में भारत का तूफान

भारतीय बल्लेबाजों ने पावरप्ले में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। टीम इंडिया ने सिर्फ 3.1 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए, जो भारत का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 3.4 ओवर का था। शुरुआती छह ओवर में भारत ने दो विकेट पर 94 रन बनाए, जो पावरप्ले में भारत का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया और विपक्षी गेंदबाजी को कोई मौका नहीं दिया।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी

सूर्यकुमार यादव ने लगातार दूसरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 25 गेंदों में अपने टी20 करियर का 23वां अर्धशतक पूरा किया और भारत की जीत तय कर दी। अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव के बीच तीसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 102 रन की नाबाद साझेदारी हुई। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर भारत को सिर्फ 10 ओवर में ही जीत दिला दी। विश्व कप से पहले सूर्यकुमार का फॉर्म में लौटना अन्य टीमों के लिए खतरे की घंटी है।

गेंदबाजों ने रखी मजबूत नींव

इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को मजबूत शुरुआत नहीं करने दी। हार्दिक पांड्या ने डेवोन कॉनवे और रचिन रविंद्र को जल्दी आउट किया, जबकि जसप्रीत बुमराह ने टिम सिफर्ट को बोल्ड किया। मध्यक्रम में ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन ने 52 रन की साझेदारी की। फिलिप्स ने 48 और चैपमैन ने 32 रन बनाए, लेकिन इसके बाद कीवी टीम लड़खड़ा गई। बुमराह ने तीन विकेट लिए, वहीं हार्दिक और रवि बिश्नोई ने रन गति पर लगाम लगाकर न्यूजीलैंड को 153 रन तक सीमित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button