DelhiLucknow CityNational

जंतर-मंतर लाठीचार्ज पर सड़क से संसद तक हंगामा, बारिश में डटे चंद्रशेखर, काले कपड़ों में पहुंचे विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन

विपक्ष का हमला- धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो, संसद परिसर में बारिश के बीच 40 घंटे से धरने पर बैठे हैं नगीना सांसद, बीएचयू-काशी विद्यापीठ में भी छात्रों के आंदोलन की तैयारी

नई दिल्ली/लखनऊ, 22 जुलाई 2026:

दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का मामला अब सड़कों से लेकर संसद तक सियासी टकराव का केंद्र बन गया है। नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद संसद परिसर में पिछले 40 घंटे से धरने पर बैठे हैं। बुधवार को तेज बारिश के बावजूद उन्होंने अपना प्रदर्शन जारी रखा और सरकार पर छात्रों के साथ अन्याय का आरोप लगाया। इसके साथ काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन किया।

चंद्रशेखर आजाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘बारिश की हर बूंद स्वीकार है, मगर मासूमों पर अन्याय स्वीकार नहीं। जिन्होंने अन्याय किया है, वे चाहे कितने ही ताकतवर क्यों न हों, उन्हें जवाब देना ही होगा।’ उनके इस संदेश के बाद विपक्षी दलों ने भी सरकार के खिलाफ अपना आक्रामक रुख और तेज कर दिया।

संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे। विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन करते हुए ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के नारे लगाए और सरकार से छात्र आंदोलन पर चर्चा की मांग की।

अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार डर के कारण अपने मंत्रियों पर कार्रवाई नहीं कर पा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मंत्री को हटाने में हिचक क्यों है और क्या उसके पास ऐसे राज हैं जिनसे सरकार परेशान है।
jantar-mantar-lathicharge-opposition-protest-parliament-chandrashekhar-azad (2)

सपा सांसद रामगोपाल यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सदन में इस मुद्दे पर चर्चा ही नहीं चाहती। उनका कहना था कि यदि सरकार चर्चा के लिए तैयार होती तो लगातार हंगामा नहीं होता। वहीं अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने सरकार के रवैये को तानाशाही और हिटलरशाही करार दिया।

इधर, राहुल गांधी और अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को लखनऊ में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने देर रात तक प्रदर्शन किया। विधानभवन, जनभवन और हजरतगंज चौराहे पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कई सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस घसीटते हुए ईको गार्डन ले गई।
jantar-mantar-lathicharge-opposition-protest-parliament-chandrashekhar-azad (3)

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को जनभवन पहुंचने से पहले ही हिरासत में लेकर बाद में ईको गार्डन छोड़ा गया। इसके बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष शहजाद आलम भी जनभवन पहुंचे, जहां उनकी पुलिस से झड़प हुई।

उधर, वाराणसी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, बीएचयू और अन्य शिक्षण संस्थानों के छात्रों ने भी जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन का ऐलान किया है। आंदोलन को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसरों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है। छात्र आंदोलन को लेकर देशभर में सियासी और प्रशासनिक हलचल लगातार तेज होती जा रही है।

ये भी पढ़ें  सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल ले जाने पर गरमाई सियासत, अयोध्या में किसानों का प्रदर्शन

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button