UP News: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, लखनऊ में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, पुलिस से नोकझोंक
‘संविधान बचाने’ और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कांग्रेसी आंदोलित, आराधना मिश्रा के नेतृत्व में निकला पैदल मार्च, गांधी प्रतिमा तक जाने पर अड़े कार्यकर्ता

लखनऊ, 8 अक्टूबर 2026:
देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन थम नहीं रहा है। गुरुवार को सपा के बाद कांग्रेसी भी सड़क पर उतर आए। प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। मार्च के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
प्रदर्शन से पहले माल एवेन्यू स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। इनमें महिलाओं की भी अच्छी-खासी भागीदारी रही। कांग्रेस नेताओं ने इसे संविधान और मताधिकार से जुड़े मुद्दों पर अपनी लड़ाई बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान बचाने के लिए कांग्रेस एकजुट हुई है। उन्होंने कहा कि कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर पार्टी आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। दोपहर करीब प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च शुरू हुआ।
कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर मार्च को रोकने का प्रयास किया जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई।
प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार नारेबाजी की। लखनऊ की पार्षद ममता चौधरी ने कहा कि अब ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा। वहीं, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ हुई कथित बर्बरता के विरोध में काली पट्टी बांधकर ‘काला दिवस’ मना रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका विरोध केवल एक व्यक्ति के खिलाफ नहीं अपितु चुनावी प्रक्रिया और मताधिकार से जुड़े उन सवालों को लेकर है जिन्हें पार्टी लगातार उठा रही है। कांग्रेस ने कहा है कि जब तक उसकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
गांधी प्रतिमा की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस की मौजूदगी के बीच लखनऊ की सड़कों पर काफी देर तक नारेबाजी और विरोध का माहौल बना रहा। महिलाओं समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर डटे रहे।






