Uttar Pradesh

जेवर एयरपोर्ट से ‘नए यूपी’ की उड़ान : सीएम योगी बोले… यह सिर्फ रनवे नहीं, विकास का लॉन्चपैड

पहले चरण के उद्घाटन के साथ ग्लोबल एविएशन मैप पर यूपी की एंट्री, पांच रनवे बनने पर दुनिया के बड़े एयरपोर्ट्स में होगी गिनती, लाखों रोजगार और निवेश के नए द्वार खुलेंगे

जेवर (नोएडा), 28 मार्च 2026:

यूपी के विकास को नई ऊंचाई देने वाले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहला चरण का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे संकल्प से सिद्धि का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह एयरपोर्ट सिर्फ एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं बल्कि प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का लॉन्चपैड है।

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नया भारत, नया उत्तर प्रदेश अपनी नई पहचान गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब संकल्प मजबूत और आत्मविश्वास अटल हो तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं रहता और जेवर एयरपोर्ट इसका सजीव उदाहरण है।

WhatsApp Image 2026-03-28 at 4.30.35 PM

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एयरपोर्ट उत्तर भारत के निवेश, व्यापार और औद्योगिक विकास को नई गति देगा। इसके साथ ही लाखों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि अभी एक रनवे से शुरुआत हो रही है लेकिन आने वाले वर्षों में पांच रनवे के साथ यह एयरपोर्ट दुनिया के प्रमुख एयरपोर्ट्स में शामिल होगा।

सीएम योगी ने कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश को ग्लोबल एविएशन मैप पर मजबूती से स्थापित करेगी। यमुना एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, आरआरटीएस और प्रस्तावित हाईस्पीड रेल जैसे नेटवर्क से जुड़कर यह एयरपोर्ट कनेक्टिविटी का बड़ा केंद्र बनेगा।

उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास सेमीकंडक्टर यूनिट, मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, एमएसएमई पार्क और डेटा सेंटर जैसी परियोजनाएं तेजी से विकसित हो रही हैं। इसके साथ ही फिनटेक सिटी और मल्टीमॉडल कार्गो हब भी प्रदेश को वैश्विक व्यापार में नई पहचान दिलाएंगे।

किसानों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 हजार एकड़ भूमि उपलब्ध कराने में किसानों ने सकारात्मक भूमिका निभाई। संवाद, मुआवजा और पुनर्वास की पारदर्शी प्रक्रिया ने इस परियोजना को गति दी। सीएम योगी ने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2002 से 2017 तक प्रदेश विकास के ‘बॉटलनेक’ में फंसा रहा, लेकिन अब डबल इंजन सरकार ने इसे ‘ब्रेकथ्रू’ में बदल दिया है।

उन्होंने केंद्र सरकार के हालिया फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को नियंत्रित रखना और एक्साइज ड्यूटी में कमी करना आम जनता को राहत देने वाला कदम है। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button