Uttar Pradesh

लखीमपुर खीरी: बहू से छेड़छाड़ करने वाला ससुर गिरफ्तार

शिव ओम दिक्षित
लखीमपुर खीरी, 23 दिसम्बर 2024:

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के पढ़ुआ थाना क्षेत्र में बहू से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने कलयुगी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। मामला एक गांव का है, जहां पीड़ित विवाहिता ने ससुर समेत दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी तीन महीने पहले हुई थी। विवाह के दौरान उसके पिता ने दहेज में छह लाख रुपये नकद, पल्सर 125 सीसी मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, फर्नीचर समेत अन्य सामग्री दी थी। इसके बावजूद ससुराल वाले खुश नहीं थे। शादी के बाद से ही पति असीम, उसके पिता शमीम और भाई वसीम अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।

पीड़िता ने बताया कि 28 नवंबर को शाम करीब चार बजे, जब उसका पति गन्ना क्रय केंद्र पर गया था, तब ससुर शमीम ने मौके का फायदा उठाते हुए उसे रसोई से खींचकर कमरे में ले जाने की कोशिश की और अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ की। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी ससुर फरार हो गया।

घटना की जानकारी जब पति को दी गई, तो उसने अपने पिता का पक्ष लेते हुए पीड़िता को धमकी दी। इसके बाद मायके पक्ष के आने पर पीड़िता ससुराल छोड़कर मायके चली गई। पीड़िता ने बताया कि ससुर शमीम पहले भी अश्लील फब्तियां कसता रहता था, लेकिन उसने अनसुना करने की कोशिश की।

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। रविवार को पुलिस ने आरोपी ससुर शमीम को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें  गुजरात : अहमदाबाद में एसी गोदाम में लगी भीषण आग, हादसे में महिला और बच्चे की मौत

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button