लखनऊ : एचएमपीवी संक्रमित बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद मौत

लखनऊ, 16 जनवरी 2025:
यूपी की राजधानी लखनऊ में पहली एचएमपीवी संक्रमित बुजुर्ग महिला की रिकवरी के बाद मौत हो गई। बताया जाता है कि महिला टीबी, किडनी और हाईपरटेंशन की बीमारियों से ग्रसित थी। महिला का बलरामपुर अस्पताल में इलाज चल रहा था।
बलरामपुर अस्पताल में कराया गया था भर्ती
मोतीनगर की रहने वाली बुजुर्ग महिला को नवंबर के अंतिम सप्ताह में खांसी और बुखार की समस्या हुई थी। स्थानीय स्तर पर इलाज से राहत न मिलने पर परिजनों ने कानपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में दिखाया। डॉक्टर ने निमोनिया व एचएचपीवी की आशंका जताई।जांच कराई तो महिला के एचएमपीवी संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद महिला को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोबारा जांच में महिला का नमूना निगेटिव आया था। इसके बाद महिला की स्थिति गंभीर होने पर आईसीयू में रखा गया, जहां उनकी मौत हो गई।
महिला को थीं टीबी, ब्लड प्रेशर समेत कई बीमारियां
बलरामपुर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी का कहना है कि बुजुर्ग महिला की एचएमपीवी रिपोर्ट नेगेटिव थी। उन्हें टीबी, किडनी, ब्लड प्रेशर समेत दूसरी कई बीमारियां थीं। उनकी हालत गंभीर होने पर आईसीयू में शिफ्ट किया गया था, जहां इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई।






