Lucknow City

नगर सेवा के प्रति समर्पण को सलाम : लखनऊ नगर निगम ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों का किया सम्मान

महापौर सुषमा खर्कवाल ने सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मान पत्र व स्मृति चिन्ह और मृतकों के आश्रित को दिए नियुक्ति पत्र

लखनऊ, 4 नवंबर 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ के नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें उन अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने जीवन के सुनहरे वर्ष नगर सेवा को समर्पित किए और अब सेवानिवृत्ति के बाद नई जीवन यात्रा शुरू कर रहे हैं।

समारोह के दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नगर निगम परिवार की ओर से सभी को उज्जवल, स्वस्थ और सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों में सुरेन्द्र कुमुद गुप्ता (लेखाकार), किशोरी लाल (सहायक अभियंता), श्रीमती शिव देवी (अनुचर), राम जीवन (बेलदार) तथा बच्चो लाल, किशन लाल, मीरा, सुनीता, हरि लाल, कामिनी, नरेश, गया प्रसाद, ओमकार, गंगा किशन और प्रदीप कुमार (सफाई कर्मी) शामिल रहे।

ये भी पढ़ें:

महापौर ने कहा, “नगर सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जीवनभर का समर्पण है। हमारे सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी इस शहर की धड़कन हैं। उनके योगदान से लखनऊ आज स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित हो रहा है। नगर निगम परिवार उनके इस समर्पण को सदैव नमन करता है।”

कार्यक्रम के दौरान मृतक आश्रितों के स्थान पर साक्षी आर्या और बलवंत सिंह को अनुचर पद पर नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि यह नियुक्ति केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि दिवंगत साथियों की सेवा भावना का सम्मान है।

महापौर ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे अपने अनुभवों से नई पीढ़ी को प्रेरित करें और समाज सेवा की नई दिशा में सक्रिय रहें। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, नम्रता सिंह, निगम अधिकारी, पार्षद एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  BJP UP ने प्रकोष्ठ और सोशल मीडिया टीम में की नई नियुक्तियां, 13 पदाधिकारियों की घोषणा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link