
लखनऊ, 18 अगस्त 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में व्यापारी दिवस के मौके पर कारोबारियों की ताकत का बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। आशियाना स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में 3 सितंबर को ‘स्वदेशी व्यापारी कुंभ’ आयोजित होगा। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल और उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के 33वें स्थापना दिवस पर होने वाले इस आयोजन में उत्तर प्रदेश समेत देश के एक दर्जन से अधिक राज्यों के हजारों व्यापारी और प्रतिनिधि जुटेंगे।
कुंभ को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन ने अभी से कमर कस ली है। इसी कड़ी में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी के नेतृत्व में अलीगंज व अन्य परिक्षेत्रों में पदयात्रा निकालकर व्यापारियों से जनसंपर्क किया गया और उन्हें आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित दिया गया।
सुरेश छाबलानी ने कहा कि यह सिर्फ व्यापारियों का सम्मेलन नहीं बल्कि व्यापारी एकता और उनके अधिकारों की आवाज को मजबूत करने का बड़ा मंच होगा। व्यापारी कुंभ में व्यापारी दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर घोषित कराने और युवा व्यापारियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर मंथन होगा।
इसके अलावा पंजीकृत व्यापारियों को शिक्षक-स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की तर्ज पर विधान परिषद में अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार देने, GST की कमियों को दूर कराने, ई-कॉमर्स के लिए नियामक आयोग गठित करने और प्रत्येक राज्य व जिले में शासन स्तर पर व्यापारी कल्याण परिषद बनाने जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठेंगे।
व्यापारियों और उद्यमियों को निर्यातक बनाने में संगठन की अग्रणी भूमिका, स्वदेशी को बढ़ावा देने और कारोबारियों की समस्याओं के स्थायी समाधान पर भी चर्चा होगी। छाबलानी ने कहा कि एकजुट व्यापारी ही ताकतवर है। जनसंपर्क अभियान में
सुरेश छाबलानी के साथ संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, अलीगंज अध्यक्ष विनय अग्रवाल, वरिष्ठ महामंत्री राजीव ककड़, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार नाग, उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, नरेंद्र सिंघल, विवेक मल्होत्रा, मलय, मुकेश समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।






