पंकज
काकोरी (लखनऊ), 22 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के पारा क्षेत्र स्थित भपटामऊ कॉलोनी में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। इसमें 54 वर्षीय सराफा कारोबारी कप्तान सिंह ने अपने ही घर में लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं इलाके में भी सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से लाइसेंसी राइफल को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पारा थाने के इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के मुताबिक सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

मृतक के बड़े बेटे अधिवक्ता अजय नायक ने बताया कि उनके पिता सोने की नाक कील सहित अन्य आभूषणों की दुकानों पर सप्लाई का काम करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में छोटे भाई पवन नायक की शादी मध्य प्रदेश निवासी मोहिनी से हुई थी लेकिन शादी के एक महीने बाद ही वह मायके चली गई और परिवार पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया।
परिजनों का कहना है कि इसके बाद से ससुराल पक्ष की ओर से लगातार दबाव और धमकियां दी जा रही थीं। इससे पूरा परिवार लंबे समय से मानसिक तनाव में था। बुधवार सुबह भी कप्तान सिंह ने रोज की तरह घर के मंदिर में पूजा की लेकिन इसके बाद कमरे में जाकर करीब 11 बजे उन्होंने खुद को गोली मार ली।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है और परिजनों के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।






