
लखनऊ, 13 अगस्त 2026:
राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे ऐश्वर्य राज सिंह का गुरुवार को कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। चारबाग रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ स्वागत सिलसिला प्रदेश मुख्यालय तक जारी रहा। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के बीच कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा प्रदेश मुख्यालय ‘चौधरी चरण सिंह अमर रहें’, ‘चौधरी अजित सिंह अमर रहें’ और ‘जयंत चौधरी जिंदाबाद’ के नारों से गूंजता रहा।
चारबाग रेलवे स्टेशन पर अजय सिंह के नेतृत्व में महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ऐश्वर्य राज सिंह का स्वागत किया गया। इसके बाद डॉ. शेखर के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। केकेसी के पास प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अम्बुज पटेल, सम्राट चौहान और राधेश्याम चौधरी के नेतृत्व में भी कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन किया। मातृभूमि से जुड़े शक्ति सिंह, ऋषभ, शुभम, विकास, सर्वेश आदि कार्यकर्ता जगह-जगह मौजूद रहे।
प्रदेश मुख्यालय पहुंचने से पहले ऐश्वर्य राज सिंह ने विधानभवन स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा, सरदार वल्लभभाई पटेल, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वागत समारोह में ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का पद उनके लिए केवल राजनीतिक जिम्मेदारी के साथ किसानों, नौजवानों, महिलाओं और समाज के हर वर्ग के लिए काम करने का अवसर है।
उन्होंने अपने परिवार के रालोद और किसान राजनीति से पुराने जुड़ाव का भी उल्लेख किया। ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय राजा लक्ष्मेश्वर सिंह लोकदल से विधायक रहे और चौधरी अजित सिंह के साथ मिलकर पार्टी की विचारधारा तथा किसानों के हितों के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि इस राजनीतिक विरासत और विचारधारा को आगे बढ़ाना उनके लिए गौरव की बात है।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं, छात्रों, किसानों और महिलाओं को बड़ी संख्या में पार्टी से जोड़कर संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। कार्यकर्ताओं के सम्मान और सक्रिय भागीदारी को भी उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने कहा कि रालोद ने युवाओं पर भरोसा जताते हुए ऐश्वर्य राज सिंह को प्रदेश की कमान सौंपी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों युवा नेतृत्व मिलकर संगठन को नई ऊर्जा देंगे और प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा तथा बूथ तक पार्टी को मजबूत करेंगे। कार्यक्रम में पार्लियामेंट्री बोर्ड सदस्य एवं राष्ट्रीय महासचिव मुंशी राम पाल, अनिल दुबे, डॉ. सुरेश यादव, चन्द्रबली यादव, रविंद्र सिंह पटेल, रामकृष्ण पटेल, भगवती प्रसाद सूर्यवंशी, कर्नल ब्रह्म पाल तोमर, अम्बुज पटेल, मयंक त्रिवेदी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






