एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 9 मार्च 2026:
निगोहां क्षेत्र के शेखनखेड़ा गांव में रविवार रात घरेलू विवाद के दौरान एक मजदूर ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पति नशे का लती था। घटना उस समय हुई जब सभी बच्चे पड़ोस में हो रहे एक मांगलिक कार्यक्रम में गए थे। लौटकर आए बच्चे खून से सनी मां की लाश देखकर सन्न रह गए। पुलिस फरार पति की तलाश में जुटी है।
शेखनखेड़ा गांव में ससुराल में रह रहे मजदूर राजेश रावत ने रविवार रात अपनी पत्नी राजेश्वरी (46) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। राजेश रावत मूल रूप से नगराम थाना क्षेत्र के अकरहदू गांव का रहने वाला है। वह कई वर्षों से अपनी ससुराल शेखनखेड़ा में रह रहा था। दंपति के पांच बच्चे हैं। इनमें गुलशन (22), मंजीत (20), अजय (18), रजनीश (15) और आयुष (7) शामिल हैं।
घटना के समय बड़ा बेटा गुलशन और अन्य बच्चे पड़ोस में बलराम के बेटे के पैपूंजी कार्यक्रम में गए हुए थे। इसी दौरान घर में पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर राजेश ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। कुछ देर बाद जब बड़ा बेटा गुलशन घर लौटा तो उसने कमरे में चारपाई पर मां को खून से लथपथ पड़ा देखा। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
ग्रामीणों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी तो निगोहां थाने की पुलिस व फोरेंसिक टीम पहुंची। मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी। एडीसीपी वसंत कुमार रल्लापल्ली ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतका के बड़े बेटे गुलशन ने बताया कि उसके पिता राजेश शराब पीने के आदी थे और अक्सर झगड़ा करते थे। इसी से परेशान होकर करीब दो साल पहले उसकी मां ने पैतृक जमीन बिकवाकर निगोहां के शेखनखेड़ा गांव में अलग जमीन लेकर घर बनवाया था। परिवार यहीं रहने लगा, लेकिन यहां भी पिता की आदत नहीं बदली और वह अक्सर शराब के नशे में मां से विवाद करते थे। मृतका राजेश्वरी के दो भाई सुरेश और राजेश भी गांव में अलग घरों में रहते हैं।






