बिजनेस डेस्क, 26 मई 2026:
घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को शुरुआत कमजोर रही। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 150 अंकों से ज्यादा टूट गया, जबकि निफ्टी 24 हजार के करीब दबाव में कारोबार करता दिखा। बाजार खुलते ही कई दिग्गज शेयरों में बिकवाली हावी रही, जिससे निवेशकों का रुख सतर्क नजर आया।
सुबह करीब 9 बजकर 19 मिनट पर सेंसेक्स 99.63 अंक गिरकर 76,389.33 पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 27.21 अंक टूटकर 24,004.50 के स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 264.82 अंक तक फिसलकर 76,224.14 पर आ गया। डॉलर के मुकाबले रुपया भी 14 पैसे कमजोर होकर 95.40 पर पहुंच गया।
शुरुआती कारोबार में इंडिगो, भारती एयरटेल, सन फार्मा, ट्रेंट, टाइटन कंपनी और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव रहा। दूसरी तरफ इंफोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस, बीईएल और एचसीएल टेक के शेयर बढ़त में कारोबार करते दिखे।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी ऑयल एंड गैस, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑटो इंडेक्स में गिरावट दर्ज की गई। वहीं पीएसयू बैंक और फार्मा सेक्टर में हल्की तेजी देखने को मिली। सोमवार को बाजार में अच्छी तेजी रही थी। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिका-ईरान बातचीत को लेकर बने सकारात्मक माहौल से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ था।
इसी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी एक फीसदी से ज्यादा बढ़त के साथ बंद हुए थे। हालांकि मंगलवार को बाजार का मूड बदला नजर आया। कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान ने कहा कि लंबे समय बाद निफ्टी अपने 20 दिवसीय एसएमए के ऊपर बंद हुआ है, जिससे बाजार में आगे तेजी की उम्मीद बनी हुई है।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी विश्लेषक मानव मोदी के मुताबिक पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका से एशियाई बाजारों में सोने की कीमतों पर असर दिखा और पिछले कारोबारी सत्र की तेजी का कुछ हिस्सा वापस निकल गया।






