मायावती का कांग्रेस व अन्य दलों पर हमला : OBC, SC-ST वर्गों के साथ छल का लगाया आरोप

लखनऊ, 26 जुलाई 2025:
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने शनिवार को कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान में उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा OBC समाज के संदर्भ में कांग्रेस की नीयत पर सवाल उठाने को महज एक स्वार्थी राजनीतिक बयान करार दिया।
मायावती ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है कि कांग्रेस ने OBC समाज के राजनीतिक व आर्थिक हितों की उपेक्षा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया है, जिससे मजबूर होकर इन वर्गों ने अपनी अलग पार्टी (बीएसपी) बनाई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के साथ-साथ भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन भी इन वर्गों के प्रति दोहरी नीति अपनाता है। मायावती ने कहा कि देश की आजादी के बाद दशकों तक SC/ST और OBC को आरक्षण का लाभ नहीं मिला। आज भी इन वर्गों के लिए आरक्षित पदों को नहीं भरकर जानबूझकर उनका बैकलॉग बढ़ाया जा रहा है।
बसपा प्रमुख ने सभी दलों पर आरोप लगाया कि वे मिलकर आरक्षण व्यवस्था को निष्प्रभावी बनाने में जुटे हैं, जिससे बहुजन समाज को राजनीतिक और सामाजिक रूप से कमजोर बनाए रखा जाए। उन्होंने दावा किया कि बीएसपी ही एकमात्र पार्टी है जिसने चार बार उत्तर प्रदेश में सरकार चलाते हुए दलित, पिछड़े और सर्वसमाज के गरीबों के हित में कार्य किया है। अंत में मायावती ने ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के लोगों से अपील की कि वे कांग्रेस, सपा और अन्य विरोधी पार्टियों के बहकावे में न आएं और बीएसपी को ही अपना राजनीतिक विकल्प मानें। उन्होंने कहा कि देश के बहुजनों का सच्चा हित केवल बीएसपी की ‘आयरन गारंटी’ में ही सुरक्षित है।






