Lucknow CityPoliticsUttar Pradesh

मायावती ने आकाश आनंद को लेकर साफ किया रुख, UP Election 2027 को लेकर ये कहा

आकाश आनंद के जरिए यूपी में उम्मीदवारों के ऐलान को लेकर चल रही चर्चाओं पर बसपा सुप्रीमो ने स्थिति साफ की, मायावती ने कहा सभी सीटों पर प्रत्याशी तय करने का फैसला उन्हीं का है, पार्टी में आकाश आनंद की भूमिका को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को भी खारिज किया

लखनऊ, 31 जुलाई 2026:

बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के भीतर उम्मीदवारों के चयन को लेकर चल रही चर्चाओं पर बड़ा बयान दिया है। मायावती ने एक्स पर पोस्ट कर साफ किया कि यूपी की सभी विधानसभा सीटों पर बसपा उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने का फैसला उन्हीं के स्तर से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के भ्रम फैलाए जा रहे हैं, जिनमें कोई सच्चाई नहीं है।
mayawati-clarifies-akash-anand-role-bsp-candidate-selection-up-election-2027 (2)

मायावती ने बताया कि लखनऊ स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में हुई कई राज्य स्तरीय बैठकों में उम्मीदवारों के चयन को लेकर प्रदेश व मंडल स्तर के पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उनके मुताबिक, अब तक लखनऊ में इंटरव्यू सहित दूसरी प्रक्रिया के जरिए करीब दो दर्जन से ज्यादा उम्मीदवारों का चयन किया जा चुका है। बाकी सीटों पर भी उम्मीदवारों का फैसला उन्हीं के स्तर से होगा।

आकाश आनंद की भूमिका पर भी सफाई

ये भी पढ़ें:

मायावती ने कहा कि यूपी ही नहीं, देश के जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होते हैं, वहां पार्टी के उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया भी उनके स्तर से ही होती है। लोकसभा चुनाव में भी उम्मीदवार तय करने का अधिकार उनके पास ही रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी में जिन सीटों पर बसपा उम्मीदवार तय हो चुके हैं, वहां उनकी अनुमति के बाद पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी जनसभाओं के जरिए प्रत्याशियों का ऐलान कर रहे हैं। इसी प्रक्रिया के तहत कुछ सीटों पर आकाश आनंद भी जनसभा कर उम्मीदवारों के नाम घोषित करेंगे।

चुनावी सभाओं के लिए लगातार सक्रिय हैं आकाश आनंद

मायावती ने कहा कि हाल के दिनों में देश के दूसरे राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान भी आकाश आनंद को उनकी तरफ से चुनावी जनसभाओं के लिए भेजा गया था। पिछले करीब एक साल से वह देशभर में पार्टी संगठन की समीक्षा बैठकों के साथ जनसभाएं भी कर रहे हैं। मायावती ने कहा कि आकाश आनंद अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभा रहे हैं। यूपी में भी इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए उन्हें कुछ सीटों पर बसपा उम्मीदवारों के ऐलान के लिए जनसभाएं करने की जिम्मेदारी दी गई है। मायावती ने इसे पार्टी की सामान्य चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा बताया है।

कांशीराम की पुण्यतिथि की रैली का भी किया जिक्र

मायावती ने अपने बयान में लखनऊ में 9 अक्टूबर 2025 को कांशीराम की पुण्यतिथि पर हुई बसपा की बड़ी रैली का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस कार्यक्रम में आकाश आनंद को मंच से बोलने का मौका दिया गया था। इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान भी आकाश आनंद को यूपी के साथ देश के दूसरे राज्यों में पार्टी की चुनावी जनसभाओं के लिए भेजा गया था।

मायावती बोलीं, आकाश आनंद को राजनीतिक कद से जोड़ना गलत

बसपा सुप्रीमो ने कहा कि आकाश आनंद को यूपी में उम्मीदवारों के ऐलान के लिए भेजे जाने को उनके राजनीतिक कद को बढ़ाने या घटाने से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने साफ किया कि उम्मीदवार तय करने की प्रक्रिया से भी इसका कोई संबंध नहीं है। मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद पार्टी के दूसरे वरिष्ठ पदाधिकारियों की तरह राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिशा-निर्देशन में कुछ जगहों पर उम्मीदवारों के ऐलान के लिए जनसभाएं कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर आकाश आनंद को लेकर चल रही चर्चाओं को गलत बताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से ऐसे शरारती व जातिवादी तत्वों से सावधान रहने की अपील की।

ये भी पढ़ें  लखनऊ : NSUI कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, चुनाव आयोग दफ्तर घेरा, पुलिस ने पकड़कर भेजा ईको गार्डन

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button