Lucknow CityPoliticsUttar Pradesh

आरक्षण पर छिड़ी नई जंग! मायावती ने आर्थिक आधार की मांग को बताया ‘अनुचित’, कांग्रेस पर भी बरसीं

बसपा सुप्रीमो बोलीं- ‘सस्ती राजनीति’ से बचें, SC-ST-OBC आरक्षण को संविधान की मूल भावना से जोड़ा, जंतर-मंतर के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस की चुप्पी पर भी उठाए सवाल

लखनऊ, 23 अगस्त 2026:

आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे धरने ने सियासी रंग ले लिया है। बसपा सुप्रीमो एवं यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने इस प्रदर्शन पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे देशहित में उचित नहीं बताया। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं।

मायावती ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने लंबे पोस्ट में कहा कि संविधान में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को दिए गए आरक्षण के खिलाफ आर्थिक आधार पर आरक्षण की नई मांग उठाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाना चाहिए जिससे समतामूलक समाज के निर्माण की संवैधानिक प्रक्रिया को नुकसान पहुंचे।

आरक्षण के मुद्दे को सीधे सामाजिक असमानता और जातिवाद से जोड़ा

बसपा प्रमुख ने आरक्षण के मुद्दे को सीधे सामाजिक असमानता और जातिवाद से जोड़ते हुए कहा कि देश में सदियों से SC, ST और OBC समाज के लोग जातिगत भेदभाव और शोषण का सामना करते रहे हैं। ऐसे में संविधान में दी गई आरक्षण व्यवस्था का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता नहीं अपितु सामाजिक प्रतिनिधित्व और बराबरी सुनिश्चित करना है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए जातिवाद के खिलाफ संघर्ष को सच्ची देशभक्ति बताया।

आर्थिक आधार पर आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाए

मायावती ने आर्थिक आधार पर आरक्षण की मौजूदा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि गरीबों के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से पहले से ही कई योजनाएं संचालित हैं लेकिन भ्रष्टाचार और सरकारी व्यवस्था की खामियों के कारण जरूरतमंदों तक उनका पूरा लाभ नहीं पहुंच पाता।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

मायावती ने अपने बयान में कांग्रेस और राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जिस दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक पीड़ित व्यक्ति के मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठे थे, उसी दौरान पास के जंतर-मंतर पर SC, ST और OBC के जातीय आधार पर दिए जाने वाले आरक्षण को खत्म करने की मांग को लेकर भी प्रदर्शन चल रहा था।

आरक्षण विरोधी तत्वों को संरक्षण न देने की सरकारों से मांग

बसपा सुप्रीमो ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी या कांग्रेस का कोई नेता वहां प्रदर्शनकारियों को समझाने तक क्यों नहीं गया। उनके मुताबिक इससे इन वर्गों के प्रति कांग्रेस की कथित आरक्षण विरोधी मानसिकता पर सवाल खड़े होते हैं। मायावती ने सभी राजनीतिक दलों से आरक्षण जैसे संवेदनशील विषय पर ‘सस्ती राजनीति’ से बचने की अपील की। इसके साथ ही सरकारों से आरक्षण विरोधी तत्वों को संरक्षण न देने की मांग करते हुए कहा कि यह व्यापक देश और जनहित में होगा।

ये भी पढ़ें  ब्लॉक स्तर पर हाईटेक स्वास्थ्य क्रांति : UP में 142 बीपीएचयू से गांवों तक पहुंचेगी आधुनिक चिकित्सा

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button