Uttarakhand

बारिश का कहर : सहस्त्रधारा में नहा रहा दिल्ली का पर्यटक बहा, एसडीआरएफ ने बरामद किया शव

देहरादून में जनजीवन हुआ प्रभावित, टोंस नदी में बहा डंपर, टपकेश्वर महादेव मंदिर के गेट के पास पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था ठप, यातायात भी प्रभावित, लोगों से नदी-नालों व तेज बहाव वाले जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने की अपील

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 23 अगस्त 2026ः

लगातार हो रही बारिश ने उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। नदी-नालों का बहाव तेज होने से हादसों का खतरा बढ़ गया है। प्रेमनगर के ठाकुरपुर गोलचक्कर के पास टोंस नदी में एक डंपर बह गया, जबकि सहस्त्रधारा में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आए दिल्ली निवासी व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरी ओर टपकेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य गेट के पास पुराने आम के पेड़ का बड़ा हिस्सा गिरने से बिजली व्यवस्था ठप हो गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
dehradun-heavy-rain-sahastradhara-tourist-drowned-sdrf-tons-river (2)

सहस्त्रधारा में रविवार सुबह पानी के तेज बहाव में व्यक्ति के बहने की सूचना सीसीआर व आपदा कंट्रोल रूम को मिली। सूचना पर एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान शुरू किया। तेज बहाव व बारिश के बीच जवानों ने जोखिम उठाकर लगातार तलाश जारी रखी। काफी मशक्कत के बाद टीम ने सहस्त्रधारा से करीब दो किलोमीटर दूर पांडव वाला पुल के पास व्यक्ति का शव बरामद किया। मृतक की पहचान नौथ राम (50 वर्ष) निवासी दिल्ली के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें:

उधर, प्रेमनगर के ठाकुरपुर गोलचक्कर के पास टोंस नदी का बहाव बढ़ने से एक डंपर नदी में बह गया। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों के बढ़े जलस्तर ने क्षेत्र में खतरे की स्थिति पैदा कर दी है। इसी बीच टपकेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य गेट के नजदीक शनिवार देर रात एक पुराने आम के पेड़ का बड़ा हिस्सा गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से कुछ कारों के क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी है। बिजली के तार प्रभावित होने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई और यातायात बाधित हो गया। माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर, टपकेश्वर के योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी ने कहा कि गनीमत रही कि पेड़ रात में गिरा, वरना दिन के समय मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
dehradun-heavy-rain-sahastradhara-tourist-drowned-sdrf-tons-river (3)

उन्होंने बताया कि कल सावन का सोमवार है और 26 अगस्त को टपकेश्वर महादेव मंदिर की शोभायात्रा प्रस्तावित है। ऐसे में उन्होंने प्रशासन से पेड़ हटाने, बिजली व्यवस्था बहाल करने और यातायात सुचारू कराने का काम जल्द पूरा करने की मांग की है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से नदी-नालों और तेज बहाव वाले जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है। वहीं, तमसा नदी भी उफान पर है, जिससे टपकेश्वर महादेव मंदिर का निचले हिस्से में पानी भर गया है।

ये भी पढ़ें  देवभूमि में कांवड़ियों का भाव भरा स्वागत, आसमान से बरसे फूल, धामी ने पैर धोए फिर परोसा भोजन

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button