Sports

FIFA World Cup 2026 : मेसी का 20 साल बाद महाविस्फोट, पहली विश्व कप हैट्रिक से रचा इतिहास

अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को 3-0 से रौंदा, 16 गोल के साथ मिरोस्लाव क्लोजे की बराबरी, खिताब बचाने उतरी अर्जेंटीना की धमाकेदार शुरुआत

स्पोर्ट्स डेस्क, 17 जून 2026:

मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना ने फीफा विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए ग्रुप जे के मुकाबले में अल्जीरिया को 3-0 से हरा दिया। इस जीत के सबसे बड़े नायक कप्तान लियोनेल मेसी रहे। उन्होंने लगातार तीन गोल दागकर अपनी पहली विश्व कप हैट्रिक पूरी करने के साथ ही फुटबॉल इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया।

कैनसस सिटी के एरोहेड स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना शुरू से ही पूरी तरह हावी नजर आया। मेसी ने पहले हाफ में शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे हाफ में उन्होंने दो और गोल दागकर मुकाबले को एकतरफा बना दिया। उनकी हैट्रिक की बदौलत अर्जेंटीना ने 3-0 की आसान जीत दर्ज करते हुए अपने खिताब बचाने के अभियान का दमदार आगाज किया।

messi-first-world-cup-hat-trick-algeria-fifa-2026

यह उपलब्धि मेसी के लिए इसलिए भी बेहद खास रही क्योंकि उन्होंने अपना पहला विश्व कप मैच वर्ष 2006 में सर्बिया और मोंटेनेग्रो के खिलाफ खेला था। ठीक 20 साल बाद उसी मंच पर उन्होंने अपने करियर की पहली विश्व कप हैट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही वह विश्व कप के पांच अलग-अलग संस्करणों में गोल करने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए। इस विशिष्ट सूची में उनके साथ केवल क्रिस्टियानो रोनाल्डो का नाम शामिल है।

अल्जीरिया के खिलाफ तीन गोल करने से पहले मेसी के नाम विश्व कप में 13 गोल दर्ज थे। इस हैट्रिक के बाद उनका आंकड़ा 16 गोल तक पहुंच गया है। इसके साथ ही उन्होंने जर्मनी के महान स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे के विश्व कप में सर्वाधिक गोल (16) के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। मेसी ने इस दौरान ब्राजील के दिग्गज रोनाल्डो के 15 गोल के आंकड़े को भी पीछे छोड़ दिया। टूर्नामेंट में अभी अर्जेंटीना के कई मुकाबले बाकी हैं। ऐसे में मेसी के पास यह रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा अवसर होगा।

अन्य मुकाबलों में ग्रुप आई में पिछली उपविजेता फ्रांस ने सेनेगल को 3-1 से हराया, जबकि नॉर्वे ने इराक को 4-1 से शिकस्त दी। कनाडा, अमेरिका और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित फीफा विश्व कप 2026 का आगाज 11 जून को हुआ था। फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को खेला जाएगा।

READ MORE

ये भी पढ़ें  T20 World Cup : इंग्लैड की सेमीफाइनल में शानदार एंट्री...परास्त पाकिस्तान पर संकट गहराया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button